लखनऊ: IPL 2026 का 59वां मुकाबला लीग की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और इस सीजन पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने वाला है. यह मुकाबला सीएसके के लिए काफी अहम होने वाला है. लखनऊ के होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम पर होने वाले इस मैच में चेन्नई अपनी सौ प्रतिशत देना चाहेगी ताकि टीम प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत कर सके. 11 मैचों में 6 जीत के साथ, सीएसके को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अब से अपने सभी मैच जीतने होंगे. फिलहाल टीम 12 अंको के साथ अंक तालिका में पांचवें पायदान पर है.
वहीं दूसरी ओर, LSG का प्रदर्शन इस सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है. टीम महज 6 अंक के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे हैं. लखनऊ के लिए इस जीत का खासा कोई मायने नहीं होगा, हालांकि टीम चेन्नई की जीत में बाधा डाल सकती है. तो ऐसे में सीएसके को इस मुकाबले में काफी सावधान रहकर खेलने की जरूरत है. हालांकि उससे पहले जानते हैं कि इकाना स्टेडियम की पिच इस मैच में किसका साथ देगी.
चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों ही टीमों के बीच मुकाबलों में कांटे की टक्कर देखने को मिली है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें CSK-LSG दोनों के ही खाते में 3-3 जीत है. वहीं एक मैच का कोई परिणाम नहीं आया था.
हालांकि इकाना स्टेडियम को आमतौर पर बल्लेबाजी के अनुकूल माना जाता है लेकिन पिछले कुछ मैचों से यहां की पिच पर तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा है और बल्लेबाजी आसान नहीं रही है, जैसा कि पिछले पांच मैचों में औसत स्कोर मात्र 166 से स्पष्ट है.
मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ का तापमान गर्म रहेगा. आज का तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. वहीं मैच के दौरान बारिश की कोई आशंका नहीं है, जिस कारण फैंस पूरे 40 ओवर के मैच का लुत्फ उठा सकते हैं.
LSG संभावित प्लेइंग इलेवन: जोश इंग्लिस, मिशेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान), एडेन मार्कराम, अक्षत रघुवंशी, शाहबाज अहमद, हिम्मत सिंह, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव
CSK संभावित प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी