West Bengal Assembly Election 2026

जर्सी नंबर 12 हमेशा के लिए रिटायर! आंद्रे रसेल को KKR ने दी भावुक विदाई

केकेआर ने अपने सर्वश्रेष्ठ ऑलरउंडर आंद्रे रसेल के सम्मान में 12 नंबर की जर्सी को रिटायर कर दिया है. कोलकाता में मंगलवार की शाम को केकेआर ने 'नाइट्स अनप्लग्ड' प्री-सीजन इवेंट के दौरान इस फैसले की आधिकारिक घोषणा की. 

X (@CricCrazyJohns)
Meenu Singh

कोलकाता: तीन बार IPL खिताब विजेता कोलकाता नाईट राइडर्स ने अपने सबसे सफल और पूर्व ऑलरउंडर आंद्रे रसेल के सम्मान में 12 नंबर की जर्सी को रिटायर कर दिया है. कोलकाता में मंगलवार की शाम भावनाओं और सम्मान का अद्भुत संगम देखने को मिला. केकेआर ने 'नाइट्स अनप्लग्ड' प्री-सीजन इवेंट के दौरान इस फैसले की आधिकारिक घोषणा की. 

इस कार्यक्रम में टीम के खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद रहे. केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने मंच से यह ऐलान करते हुए रसेल को विशेष स्मृति चिन्ह भेंट किया.

जर्सी नंबर 12 हुआ रिटायर 

केकेआर ने अपने सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को वो उपाधि दी जिसके वह हकदार थे. फ्रेंचाइजी ने रसेल के सम्मान में जर्सी नंबर 12 को रिटायर कर दिया है. इसका मतलब यह है कि केकेआर का कोई भी प्लेयर नंबर 12 की जर्सी नहीं पहनेगा. 

यह फैसला रसेल के योगदान को सम्मान देने के लिए लिया गया, जिन्होंने इस नंबर को अपनी पहचान बना दिया था. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी ने इस जर्सी नंबर को खास बना दिया.

खड़ी की वफादारी की मिसाल

IPL नीलामी से पहले जब उनके भविष्य को लेकर अटकलें लग रही थीं, तब रसेल ने खुद वीडियो जारी कर यह स्पष्ट किया था कि वे केवल केकेआर के लिए ही खेलना चाहते हैं. उन्होंने कहा था कि अगर वह इस टीम का हिस्सा नहीं होंगे, तो आईपीएल में नहीं खेलेंगे. रसेल का यह बयान उनकी टीम के प्रति निष्ठा और वफादारी को दर्शाता है. 

करेंगे नई पारी की शुरुआई

अब रसेल मैदान पर खिलाड़ी के रूप में नहीं, बल्कि टीम के पावर कोच के रूप में नजर आएंगे. उनका काम युवा खिलाड़ियों को फिनिशिंग स्किल्स में निखारना होगा. अब रसेल युवा खिलाड़ियों को ट्रेंड कर केकेआर को अपनी सेवा देंगे ताकी टीम अपना चौथा खिताब जल्द ही जीत सके. 

केकेआर के साथ कुछ ऐसा रहा करियर 

गौरतलब है कि आंद्रे रसेल ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत  डिसी के साथ किया था. लेकिन  2 संस्करण के बाद ही वह केकेआर में शामिल हो गए. उसके बाद से उन्होंने आज तक केकेआर का साथ नहीं छोड़ा. रसेल ने पिछले साल तक केकेआर को अपनी सेवा दी है. 

बता दें केकेआर के साथ अपने करियर में रसेल ने 174 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 2651 रन बनाए और 123 विकेट लिए. 2014 और 2024 में टीम की खिताबी जीत में उनका अहम योगदान रहा. अपने सफर को याद करते हुए रसेल भावुक भी हुए और उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना हर मैच आखिरी मुकाबले की तरह खेला था.