US Israel Iran War West Bengal Assembly Election 2026

IPL 2026: टीवी-मोबाइल पर कैसे देखें आईपीएल के लाइव मैच, यहां जानें पूरी जानकारी

लाइव प्रसारण की बात करें तो इस साल भी टीवी पर मैच देखने के अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास हैं. यानी दर्शक टीवी पर सभी मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर देख सकते हैं.

Anuj

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का आगाज होने में कुछ ही दिन का समय बचा है. इस टूर्नामेंट का पहला मैच 28 मार्च को खेला जाएगा. टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम आमने-सामने होंगी. मैच शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में दर्शकों के लिए यह जानना जरूरी है कि वे इस सीजन के मुकाबले टीवी और मोबाइल पर कहां और कैसे देख सकते हैं.

इस बार पहला मैच खास इसलिए भी है क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी. आईपीएल 2025 फाइनल में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था. यही वजह है कि टीम इस बार उद्घाटन मैच में हिस्सा ले रही है. खास बात यह भी है कि यह मुकाबला बेंगलुरु के घरेलू मैदान पर खेला जाएगा, जहां आरसीबी को अपने दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलने की उम्मीद है.

स्टार स्पोर्ट्स के पास हैं अधिकार

लाइव प्रसारण की बात करें तो इस साल भी टीवी पर मैच देखने के अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास हैं. यानी दर्शक टीवी पर सभी मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर देख सकते हैं. वहीं, मोबाइल और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए जियो हॉटस्टार उपलब्ध रहेगा, जहां यूजर्स अपने स्मार्टफोन या अन्य डिवाइस पर लाइव मैच का आनंद ले सकते हैं.

विभिन्न भाषाओं में कमेंट्री की सुविधा

दर्शकों के लिए एक और अच्छी बात यह है कि इस बार भी विभिन्न भाषाओं में कमेंट्री की सुविधा दी जाएगी. हिंदी और अंग्रेजी के अलावा अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भी मैच का आनंद लिया जा सकेगा, जिससे अलग-अलग राज्यों के दर्शकों को सुविधा मिलेगी. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि आईपीएल के लाइव मैच केवल आधिकारिक प्रसारण प्लेटफॉर्म पर ही उपलब्ध होंगे. किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीमिंग का दावा गलत हो सकता है.

क्यों घोषित नहीं हुआ पूरा शेड्यूल

बीसीसीआई ने असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के कारण पूरे लीग का कार्यक्रम एक साथ ऐलान नहीं किया था. जब पहले चरण का आईपीएल शेड्यूल की घोषणा हुई थी तब चुनाव आयोग ने चुनाव की तारीखों की पुष्टि नहीं की थी.