अहमदाबाद में होगी MI के अस्तित्व की लड़ाई! मुंबई-गुजरात मैच में इन खिलाड़ियों की भिड़ंत होगी खास, जानिए कौन किस पर भारी?

मौजूदा IPL 2026 का 30वां मैच गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के बीच 20 अप्रैल को शाम 07:30 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. जहां गुजरात टाइटन्स ने अपने पिछले तीन मैचों में जीत दर्ज की है, वहीं मुंबई इंडियंस के लिए संघर्षों का सिलसिला जारी है. 

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: मौजूदा IPL 2026 का 30वां मैच गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के बीच 20 अप्रैल को शाम 07:30 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. जहां गुजरात टाइटन्स ने अपने पिछले तीन मैचों में जीत दर्ज की है, वहीं मुंबई इंडियंस के लिए संघर्षों का सिलसिला जारी है. 

गौरतलब है कि गुजरात टाइटन्स फिलहाल अंक तालिका में छठे स्थान पर है. पांच मैचों में टीम ने तीन मैच जीते हैं और दो हारे हैं. जीटी इस मैच को जीत कर अपने अंकों में इजाफा कर अंक तालिका में अपनी स्थिती को सुधारने की कोशिश करेगी. जीटी के खिलाफ इस मैच में फैंस को दोगुना रोमांच मिलने वाला है क्योंकि इस मैच में फैंस को कई खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी. तो आईए जानते हैं कौन हैं वो खिलाड़ी-

MI के लिए है अस्तित्व की लड़ाई

आर्टिकल में आगे बढ़ने से पहले आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मुंबई इंडियंस के लिए यह अब अस्तित्व की लड़ाई बन गई है, क्योंकि पांच मैच में महज एक जीत के साथ मुंबई पॉइंट्स टेबल में दसवें पायदान पर है. अब पांच बार की चैंपियन इस मैच को जीतकर अपनी जीत की लय में लौटना चाहेगी. 

इन खिलाड़ियों की होगी आपस में खास भिड़ंत

शुभमन गिल बनाम जसप्रीत बुमराह

गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों में शुभमन गिल ने IPL में जसप्रीत बुमराह का आठ पारियों में सामना किया है. इन आठ पारियों में गिल ने 34 रन बनाए हैं और भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज के खिलाफ उनका औसत 17 है. इन आठ पारियों में गिल बुमराह के हाथों दो बार आउट भी हुए हैं. तो ऐसे में दोनों खिलाड़ियों को एक दूसरे के खिलाफ देखना फैंस के लिए दिलचस्प होगा. 

साई सुदर्शन बनाम ट्रेंट बोल्ट 

दूसरे हाईवोल्टेज भिड़ंत जीटी के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और मुंबई के ट्रेंट बोल्ट के बीच होगी. सुदर्शन ने आईपीएल में ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ कुल पांच पारियां खेली हैं. इन पांच पारियों में सुदर्शन ने 43 रन बनाए हैं और ट्रेंड बोल्ट ने उन्हें दो बार आउट किया है. इस दौरान उनका औसत 21.5 रहा है.

रोहित शर्मा बनाम कागिसो रबाडा

एमआई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के बीच की टक्कर भी काफी दिलचस्प साबित हो सकती है. अनुभवी भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा आईपीएल में रबाडा के खिलाफ 7 पारियां खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 19 के औसत से 38 रन बनाए हैं और रबाडा के हाथों उन्हें 2 बार आउट होना पड़ा है.