West Bengal Assembly Election 2026 Tamil Nadu Assembly Election 2026

'गेंदबाजी को हलवे की तरह खाएंगे...', इस दिग्गज ने रोहित शर्मा को लेकर दिया बड़ा बयान, केकेआर को चेताया

मैच से पहले भारतीय टीम के पूर्व चयनकर्ता कृष्णमचारी श्रीकांत ने रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर केकेआर को सतर्क रहने की सलाह दी है.

X
Anuj

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के 19वें सीजन की धमाकेदार शुरूआत हो चुकी है. पहले मैच में चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिली. क्रिकेट प्रेमियों को एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, जिसमें मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की टक्कर होगी.

यह मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमें सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी, लेकिन आंकड़ों पर नजर डालें तो मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी नजर आता है.

14 साल से पहले मैच में नहीं जीती मुंबई

हालांकि, एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि मुंबई इंडियंस पिछले 14 वर्षों से आईपीएल के अपने पहले मैच में जीत हासिल नहीं कर सकी है. ऐसे में इस बार टीम इस सिलसिले को तोड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. वहीं, दूसरी ओर केकेआर की टीम भी नई रणनीति और संयोजन के साथ इस चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है.

श्रीकांत का बड़ा बयान

मैच से पहले भारतीय टीम के पूर्व चयनकर्ता कृष्णमचारी श्रीकांत ने रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर केकेआर को सतर्क रहने की सलाह दी है. श्रीकांत ने कहा कि रोहित का केकेआर के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है और वह इस टीम के गेंदबाजों पर हावी हो सकते हैं.

श्रीकांत ने कहा कि पिछले कुछ साल पहले तक रोहित शर्मा के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम हलवा की तरह थी. वह इस बार केकेआर की गेंदबाजी को हलवा की तरह खाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि रोहित को जैसे ही कोलकाता की टीम दिखती है तो वह अपने कम्फर्ट जोन में आ जाते हैं.

खास लिस्ट में शामिल रोहित शर्मा

आईपीएल इतिहास में रोहित शर्मा उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने किसी एक टीम के खिलाफ 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं. केकेआर के खिलाफ रोहित ने अब तक 35 मैचों में 36.68 की औसत से 1083 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और छह अर्धशतक भी निकले हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी 127.86 का रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है.

केकेआर के सामने बड़ी चुनौती

इस मुकाबले में सभी की नजरें रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी. अगर वह अपनी पुरानी फॉर्म में नजर आते हैं, तो मुंबई इंडियंस को मजबूत शुरुआत मिल सकती है. वहीं, केकेआर के गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना बड़ी चुनौती साबित होगा. ऐसे में यह मुकाबला रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है.