मुंबई: हाल ही में भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन किया गया था. जिसमें भारतीय टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में टूर्नामेंट अपने नाम किया था. हालांकि उस दौरान भारत और इंग्लैंड के सेमीफाइनल मुकाबले के बीच टिकट की कालाबाजारी का मामला सामने आया था. जिसमें अब मुंबई पुलिस ने भारत के पूर्व घरेलू क्रिकेटर को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल मुंबई पुलिस ने मुंबई अंडर 19 के पूर्व क्रिकेटर बलवंत सिंह स्वरूप सिंह सोढ़ा को डीबी मार्ग पुलिस ने भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप सेमीफाइनल के टिकटों की कालाबाजारी में कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने बताया कि उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और टिकटों के स्रोत का पता लगाने और इस रैकेट में शामिल अन्य कड़ियों की पहचान करने के लिए उसके डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है. पुलिस ने अब तक 24 टिकट जब्त किए हैं और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को पत्र लिखकर उनके वितरण का विवरण मांगा है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें 26 वर्षीय सोढ़ा पहले इंसान नहीं हैं जिन्हें इस मामले के लिए गिरफ्तार किया गया है. उनसे पहले करीब 6 आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है.
जांच में पता चला है कि सोढ़ा ने कथित तौर पर 25,000 रुपये प्रति टिकट की कीमत वाले दो टिकट बेचे हैं. लेकिन उसने यह खुलासा नहीं किया कि उसे ये टिकट कैसे और कहां से मिले. इस दौरान एक अधिकारी ने बताय कि, 'हम आगे की कड़ियों का पता लगाने के लिए उसके कॉल डेटा रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं.'
अब सोढ़ी की गिरफ्तारी के बाद उस पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के साथ-साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 131 के तहत दर्ज किया गया था.
आरोपियों पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जारी किए गए मानार्थ और रियायती टिकटों को बाजार की कीमत से ज्यादा कीमत पर बेचने की साजिश रचने का आरोप है, जिससे आयोजकों और जनता को धोखा दिया गया.