IPL 2026: RCB को एक और झटका, इस खिलाड़ी के खेलने पर मंडराया खतराया; जानें क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट ने हाल ही में नई फिटनेस पॉलिसी लागू की है. इस पॉलिसी के तहत विदेशी टी20 लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए विशेष फिटनेस मानक तय किए गए हैं.
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के आगाज से ठीक पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा झटका लगा है. टीम के विदेशी तेज गेंदबाज नुवान तुषारा को टूर्नामेंट में खेलने के लिए एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) नहीं मिला है. ऐसे में पहले मुकाबले से पहले आरसीबी की योजनाओं पर असर पड़ सकता है.
आईपीएल 2026 का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है. लेकिन इस अहम मुकाबले से पहले ही टीम को अपने प्रमुख गेंदबाज की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है.
नई फिटनेस पॉलिसी लागू
रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट ने हाल ही में नई फिटनेस पॉलिसी लागू की है. इस पॉलिसी के तहत विदेशी टी20 लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए विशेष फिटनेस मानक तय किए गए हैं. नुवान तुषारा इन अनिवार्य फिटनेस टेस्ट में निर्धारित अंक हासिल नहीं कर सके, जिसके चलते उन्हें फिलहाल एनओसी जारी नहीं की गई है.
मिनी ऑक्शन में RCB ने किया था रिटेन
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तुषारा को एनओसी तभी मिलेगी, जब वह तय फिटनेस मानकों को पूरा कर लेंगे. इससे पहले आरसीबी ने आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले तुषारा को 1.6 करोड़ रुपये में रिटेन किया था और टीम उन्हें अपने गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा मान रही थी.
अगर तुषारा समय पर फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाते हैं, तो यह आरसीबी के लिए शुरुआती मैचों में बड़ा नुकसान साबित हो सकता है. खासकर पावरप्ले और डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी टीम के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है.
नुवान तुषारा का आईपीएल करियर
नुवान तुषारा के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 2024 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए टूर्नामेंट में डेब्यू किया था. अब तक वह 8 मैचों में 9 विकेट हासिल कर चुके हैं. हालांकि, उनका प्रदर्शन सीमित मैचों में ही देखने को मिला है, लेकिन उनकी अलग गेंदबाजी शैली ने ध्यान खींचा है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तुषारा ने 2022 में श्रीलंका के लिए टी20 क्रिकेट में पदार्पण किया था. अब तक वह 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 36 विकेट ले चुके हैं. इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.16 रही है.