बस 2 विकेट और... पहले ही मैच में इतिहास रच देंगे भुवनेश्वर कुमार! दुनिया का बड़े से बड़ा तेज गेंदबाज भी नहीं कर पाया ये काम
भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में 190 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 198 विकेट झटके हैं. इस दौरान उन्होंने दो बार पांच विकेट और दो बार चार विकेट लेने का कारनामा भी किया है.
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का आगाज शनिवार को होने जा रहा है, जहां पहले मुकाबले में आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आपस में टकराएगी. इस हाई-वोल्टेज मैच के साथ आईपीएल 19वें सीजन की शुरुआत होगी. इस मुकाबले में सभी की नजरें अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्व कुमार पर टिकी रहेंगी, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के बेहद करीब है.
भुवनेश्वर कुमार के पास इस मैच में इतिहास रचने का मौका होगा. वह 200 विकेट के आंकड़े से सिर्फ दो कदम दूर हैं. यदि वह इस मुकाबले में दो विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन जाएंगे. यह उपलब्धि अब तक किसी भी फास्ट बॉलर के नाम दर्ज नहीं है.
भुवनेश्वर के पास इतिहास रचने का मौका
अब तक भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में 190 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 198 विकेट झटके हैं. इस दौरान उन्होंने दो बार पांच विकेट और दो बार चार विकेट लेने का कारनामा भी किया है. उनकी सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग गेंदबाजी ने उन्हें लीग के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल किया है.
लिस्ट में पहले नंबर पर चहल का नाम
आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल के नाम है, जिन्होंने 174 मैचों में 221 विकेट हासिल किए हैं. वह 200 से ज्यादा विकेट लेने वाले अब तक के इकलौते गेंदबाज हैं. भुवनेश्वर के पास इस खास क्लब में शामिल होने का शानदार अवसर है.
पिछले सीजन में भुवी का शानदार प्रदर्शन
इसके अलावा सुनील नरेन और पीयूष चावला भी इस सूची में ज्यादा पीछे नहीं हैं. सुनील नरेन ने 189 मैचों में 192 विकेट लिए है, जबकि पीयूष चावला ने 192 मैचों में इतने ही विकेट झटके हैं. पिछले सीजन में भी भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन शानदार रहा था.
फाइनल मुकाबले में अहम योगदान
आईपीएल 2025 में उन्होंने 14 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए थे. फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने अहम योगदान देते हुए दो विकेट हासिल किए थे. ऐसे में टीम को उनसे इस बार भी बड़ी उम्मीदें हैं और फैंस उनके इस संभावित रिकॉर्ड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. आईपीएल का आगामी सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है.