IPL 2025: चेन्नई के खिलाफ मुकाबले से पहले कोलकाता ने पहनी स्पेशल जर्सी, जानें क्या है कारण?

IPL 2025: चेन्नई के खिलाफ मुकाबले से पहले कोलकाता ने महिलाओं के सम्मान के लिए खास जर्सी पहनी है. उन्होंने अभ्यास के दौरान इस जर्सी पहनी है और आइए जानते हैं कि इस मुकाबले से पहले टीम के इस तरह की जर्सी पहनने के कारण क्या है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

IPL 2025: आईपीएल 2025 का 57वां मुकाबला 7 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. इस मैच से पहले केकेआर ने अपने प्रशंसकों को एक खास सरप्राइज दिया है. टीम ने अपनी प्रैक्टिस जर्सी में बदलाव किया है, जिसका मकसद समाज में बदलाव लाने और साहसी महिलाओं को सम्मान देना है. 

यह खास जर्सी 'शाहोशी रानी' पहल का हिस्सा है, जिसके जरिए केकेआर उन महिलाओं को सलाम कर रही है, जिन्होंने मुश्किल हालात में हिम्मत और दृढ़ता दिखाई. 

'शाहोशी रानी' पहल का खास मकसद

केकेआर ने 'शाहोशी रानी' पहल शुरू की है, जिसका मतलब है 'नन्हीं रानी' या 'साहसी रानी'. इस पहल का उद्देश्य उन महिलाओं को सम्मान देना है, जिन्होंने अपने जीवन में असाधारण साहस, हिम्मत और दृढ़ संकल्प दिखाया है. चाहे वह सामाजिक बाधाओं को तोड़ना हो, परिवार के लिए संघर्ष करना हो या समाज में बदलाव लाना हो, इन महिलाओं की कहानियां प्रेरणादायक हैं. केकेआर इस पहल के जरिए न सिर्फ इन महिलाओं को मंच देना चाहता है, बल्कि खेल के जरिए समावेशिता और सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा देना चाहता है.

स्पेशल जर्सी का महत्व

सीएसके के खिलाफ मैच से पहले केकेआर की प्रैक्टिस जर्सी में खास बदलाव किया गया है. इस जर्सी के पीछे 'शाहोशी रानी' का लोगो छापा गया है. इतना ही नहीं, हर खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ की जर्सी पर एक-एक शाहोशी रानी का नाम लिखा होगा, जो इन महिलाओं के प्रति टीम के सम्मान और एकजुटता को दर्शाता है. यह पहल न सिर्फ मैदान पर बल्कि सोशल मीडिया के जरिए भी लाखों लोगों तक पहुंचेगी. केकेआर ने प्रैक्टिस सत्र के कुछ खास पलों को रिकॉर्ड करने का फैसला किया है, जिसमें खिलाड़ी और इन साहसी महिलाओं के बीच बातचीत को दिखाया जाएगा. ये वीडियो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे.

शाहोशी रानियों का खास दिन

इस पहल के तहत 40 शाहोशी रानियों को केकेआर के प्रैक्टिस सत्र में आमंत्रित किया गया है. ये महिलाएं न सिर्फ खिलाड़ियों को ट्रेनिंग करते देखेंगी, बल्कि उनके साथ बातचीत भी करेंगी. केकेआर की को-ओनर जूही चावला भी इस मौके पर मौजूद रहेंगी और इन महिलाओं से मुलाकात करेंगी. यह अनुभव इन साहसी महिलाओं के लिए एक यादगार पल होगा, और केकेआर के लिए भी इनके साथ समय बिताना गर्व की बात है.