Commonwealth Games 2026

श्रीलंका दौरे के लिए जल्द होगा टीम इंडिया का ऐलान! बुमराह-जडेजा की वापसी तय, ये स्टार बाहर?

श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा 28 जुलाई को हो सकती है. बुमराह और जडेजा की वापसी तय मानी जा रही है, जबकि वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण बाहर हो सकते हैं.

ANI
Meenu Singh

भारतीय क्रिकेट फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है. अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए जल्द ही भारतीय टीम का ऐलान किया जाएगा. ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र के तहत खेली जाने वाली ये सीरीज दोनों ही टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. गॉले और कोलंबो में होने वाले इन मुकाबलों के लिए अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति जल्द ही एक मजबूत टीम का ऐलान करने वाली है.

मंगलवार को आ सकती है टीम

BCCI के सूत्रों के अनुसार, श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वॉड का ऐलान मंगलवार, 28 जुलाई को किया जा सकता है. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया है कि अगले दो दिनों में चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. चयनकर्ताओं की बैठक के बाद उसी दिन आधिकारिक तौर पर खिलाड़ियों के नामों की सूची जारी कर दी जाएगी.

बुमराह-जडेजा की होगी वापसी!

भारतीय गेंदबाजी यूनिट की बैकबोन कहे जाने वाले यॉर्कर किंग श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलते दिख सकते हैं. उनके साथ ही विश्व स्तरीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी टीम में वापसी लगभग पक्की मानी जा रही है. कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल जैसे मुख्य खिलाड़ियों का चयन होना तय माना जा रहा है.


सुंदर की चोट बढ़ाएगी चिंता

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हुए वॉशिंगटन सुंदर का इस सीरीज में खेलना संदिग्ध है. उन्हें पूरी तरह उबरने में कम से कम दो हफ्ते लगेंगे. अगर सुंदर समय पर फिट नहीं हो पाते हैं, तो युवा खिलाड़ी हर्ष दुबे को टीम में अपनी जगह बरकरार रखने का मौका मिल सकता है.

नीतीश रेड्डी पर सस्पेंस

ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भी चोट के कारण फिलहाल BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं. उनके खेलने पर संशय के बीच चयनकर्ता ऋतुराज गायकवाड़, सरफराज खान या फिर मध्य प्रदेश के अनकैप्ड ऑफ-स्पिनर सरांश जैन जैसे नए चेहरों पर दांव लगाने का विचार कर सकते हैं.

सीरीज का पूरा शेड्यूल

बता दें भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गॉले के मैदान पर खेला जाएगा. इसके बाद दोनों टीमें 23 अगस्त से कोलंबो में दूसरे टेस्ट मैच के लिए आमने-सामने होंगी. WTC के लिहाज से यह दौरा दोनों देशों के लिए काफी अहम साबित होने वाला है.

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत की संभावित टीम 

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर/हर्ष दुबे, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार और प्रसिद्ध कृष्णा.