T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी, अबतक कुल 7 बार हो चुकी है दोनों टीमों की भिड़ंत
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक सात मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से पांच बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है.
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का विजय रथ जारी है. सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम ने सुपर-8 में जगह बनाई है. अब उसका अगला मुकाबला 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका से होगा. यह अहम टक्कर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी. दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही हैं, ऐसे में मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है.
ग्रुप स्टेज में भारत ने संतुलित खेल दिखाया. इसी प्रदर्शन के चलते सुपर-8 में भारत को मजबूत दावेदार माना जा रहा है. हालांकि, साउथ अफ्रीका ने भी अपने सभी मैच जीतकर आत्मविश्वास हासिल किया है, इसलिए भारतीय टीम किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहेगी.
भारत का पलड़ा भारी
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक सात मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से पांच बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि दो मैच अफ्रीकी टीम के नाम रहे हैं. आंकड़े बताते हैं कि बड़े मंच पर भारत ने अक्सर साउथ अफ्रीका को मात दी है.
Also Read
- PAK vs NZ Super 8 Match: बारिश की भेंट चढ़ा पहला मुकाबला; दोनों टीमों को मिला एक-एक अंक
- 'एहसान चुकाने का वक्त...', टी20 विश्व कप में अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म को लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा?
- दिल्ली कस्टम के सुपरिटेंडेंट अशोक कुमार का कमाल, ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल
अफ्रीका को हराकर भारत ने जीता था खिताब
दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2024 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हुई थी. उस रोमांचक मुकाबले में भारत ने सात रन से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया था. इससे पहले 2007 में भारत ने 37 रन से जीत दर्ज की थी. 2009 में साउथ अफ्रीका ने 12 रन से बाजी मारी, जबकि 2010 और 2012 में भारत ने करीबी मुकाबलों में जीत हासिल की. 2014 में भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की, वहीं 2022 में अफ्रीका ने पांच विकेट से मुकाबला जीता.
भारत-अफ्रीका मैच पर फैंस की निगाहें
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी दोनों टीमें पहले आमने-सामने आ चुकी हैं. यह मुकाबला 2025 के अंत में खेला गया था, जिसमें भारत ने 30 रन से जीत दर्ज की थी. उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 231 रन बनाए थे. जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 201 रन ही बना सकी थी. सुपर-8 का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. जीतने वाली टीम सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाएगी. क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें अब इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं.