menu-icon
India Daily

एशियन पैरा गेम्स में मोना अग्रवाल का धमाका, गोल्ड जीतकर रचा इतिहास; अवनी लेखरा को मिला सिल्वर

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. महिला 10 मीटर एयर राइफल कॉम्पेटीशन में मोना अग्रवाल ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत का खाता खोल दिया है.

Shilpa Shrivastava
एशियन पैरा गेम्स में मोना अग्रवाल का धमाका, गोल्ड जीतकर रचा इतिहास; अवनी लेखरा को मिला सिल्वर
Courtesy: X

नई दिल्ली: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. महिला 10 मीटर एयर राइफल कॉम्पेटीशन में मोना अग्रवाल ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत का खाता खोल दिया है. इसमें सबसे खास बात यह रही कि इस मुकाबले में भारत को गोल्ड के साथ सिल्वर मेडल भी दिया गया. अवनी लेखरा ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया. 

मोना अग्रवाल ने आखिरी शॉट्स में पलटा मुकाबला:

महिला 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में मोना अग्रवाल ने 250 अंक हासिल करके गोल्ड मेडल जीता. वहीं, अवनी लेखरा 249.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं. इस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया.

क्वालीफिकेशन राउंड में भी मोना का प्रदर्शन शानदार रहा था. उन्होंने 629.1 अंक हासिल करके एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड बनाया और पहले स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई. अवनी लेखरा क्वालीफिकेशन में दूसरे नंबर पर थीं.

हालांकि, फाइनल के दौरान मुकाबला काफी रोमांचक रहा. स्टेज 2 सीरीज 2 के बाद मोना पांचवें स्थान पर चल रही थीं, लेकिन उन्होंने आखिरी शॉट्स में जबरदस्त वापसी की. उनके इस प्रदर्शन ने मुकाबले का रुख बदल दिया और गोल्ड मेडल भारत की झोली में आ गया.

कौन हैं गोल्ड मेडल जीतने वाली मोना अग्रवाल?

राजस्थान के सीकर में जन्मीं मोना अग्रवाल को महज नौ महीने की उम्र में पोलियो हो गया था, जिससे उनके दोनों पैर प्रभावित हुए. हालांकि, उन्होंने अपनी शारीरिक चुनौतियों को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. पैरा शूटिंग में पहचान बनाने से पहले मोना पैरा एथलेटिक्स, पैरा पावरलिफ्टिंग और महिला सिटिंग वॉलीबॉल में भी हिस्सा ले चुकी हैं. वह 2024 पैरालंपिक खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं. 

इसके अलावा, इसी साल पैरा शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने सिल्वर मेडल भी हासिल किया. दूसरी तरफ, अवनी लेखरा टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 पैरालंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं. इस बार उन्हें अपनी ही देश की खिलाड़ी मोना अग्रवाल से कड़ी चुनौती मिली. इस शानदार प्रदर्शन के साथ दोनों भारतीय निशानेबाजों ने 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक खेलों के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है.