50 ओवर का मैच अब 40 ओवर में सिमटा, जानिए IND vs NZ मुकाबले के बदले हुए नियम

भारत और न्यूजीलैंड के बीच हैमिल्टन में खेला जा रहा तीसरा वनडे बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ. इसके चलते मैच को 50-50 ओवर से घटाकर 40-40 ओवर का कर दिया गया है.

Pinterest
Km Jaya

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में बारिश ने खेल का रोमांच बढ़ाने के साथ-साथ मैच के नियम भी बदल दिए हैं. हैमिल्टन के सेडोन पार्क में लगातार बारिश होने के कारण मुकाबला तय समय पर शुरू नहीं हो सका. पहले मैच का टॉस और फिर खेल शुरू होने में देरी हुई. ऐसे में मुकाबले के ओवर घटाने का फैसला लिया गया है. अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच 50-50 ओवर की जगह 40-40 ओवर का मैच खेला जाएगा.

दरअसल, भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होना था. लेकिन बारिश के कारण निर्धारित समय पर टॉस नहीं हो सका. बारिश रुकने के बाद तय किया गया कि सुबह 9 बजकर 2 मिनट पर टॉस होगा और 9 बजकर 30 मिनट से मुकाबला शुरू किया जाएगा. हालांकि, मौसम ने एक बार फिर खेल बिगाड़ दिया और दोबारा बारिश शुरू हो गई. इसके चलते 9:30 बजे भी मैच शुरू नहीं हो पाया.

मैच के ओवरों में कटौती 

करीब दो घंटे का समय बारिश की भेंट चढ़ने के बाद मैच के ओवरों में कटौती करनी पड़ी. अब दोनों टीमों को 40-40 ओवर बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा. यानी पहले से निर्धारित 100 ओवर के मुकाबले में अब कुल 80 ओवर का खेल होगा. बारिश के कारण बदले इस समीकरण का असर बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों की रणनीति पर भी पड़ेगा.


गेंदबाज अब अधिकतम 8 ओवर ही कर सकेंगे

सामान्य वनडे मुकाबले में एक गेंदबाज अधिकतम 10 ओवर गेंदबाजी कर सकता है. लेकिन 40 ओवर के इस मुकाबले में गेंदबाजों के ओवरों की सीमा भी घटा दी गई है. अब कोई भी गेंदबाज अधिकतम 8 ओवर ही फेंक सकेगा. ऐसे में कप्तानों को अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल काफी सोच-समझकर करना होगा.

पावरप्ले के नियमों में भी बदलाव

बारिश के कारण सिर्फ मैच के ओवर ही नहीं घटे हैं, बल्कि पावरप्ले की समय सीमा भी बदल गई है. सामान्य 50 ओवर के वनडे मैच में पहला पावरप्ले 1 से 10 ओवर तक होता है. वहीं तीसरा पावरप्ले 41 से 50 ओवर तक रहता है लेकिन 40 ओवर के इस मुकाबले में पहला पावरप्ले 1 से 8 ओवर तक होगा. इसके बाद तीसरा पावरप्ले 33 से 40 ओवर के बीच लागू रहेगा. इससे बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा.

दोबारा बारिश आई तो फिर बदल सकते हैं नियम

हैमिल्टन में बारिश लगातार खेल में बाधा डाल रही है. ऐसे में अगर मुकाबला शुरू होने के बाद भी बारिश होती है तो मैच के ओवरों में एक बार फिर कटौती की जा सकती है. इसके लिए परिस्थितियों के अनुसार नए नियम लागू होंगे. हालांकि, मैच का नतीजा निकलने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 20-20 ओवर बल्लेबाजी करना जरूरी है. यदि बारिश के कारण दोनों पारियों में न्यूनतम 20 ओवर का खेल भी संभव नहीं हो पाता है तो मुकाबला रद्द घोषित किया जा सकता है. ऐसे में तीसरे वनडे का रोमांच पूरी तरह मौसम पर निर्भर करेगा.