सुंदर फिट, लेकिन बुमराह पर अभी भी सस्पेंस... कल होगा बड़ा फैसला, अफगानिस्तान सीरीज से पहले फैंस की धड़कनें तेज
भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज से पहले वॉशिंगटन सुंदर को फिट घोषित किया गया है. जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ी राहत मिली है. ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट से उबरकर खेलने के लिए फिट हो गए हैं. सीरीज से पहले ये टीम इंडिया के लिए थोड़ी राहत की बात है हालांकि अभी तक टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर कोई अपडेट सामने नहीं आया है.
BCCI और फैंस दोनों ही अपने चहेते खिलाड़ी के फिट होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है. बुमराह को फिटनेस जांच के तहत मैच सिमुलेशन से गुजरना है. इसके अलावा हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस पर भी टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं की नजर बनी हुई है.
वॉशिंगटन सुंदर ने दी टीम को राहत
वॉशिंगटन सुंदर अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे. चोट से वापसी कर रहे सुंदर का फिट घोषित होना भारतीय टीम के लिए अहम खबर है. वह गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी विकल्प देते हैं. सीरीज में टीम को उनके अनुभव और ऑलराउंड क्षमता का फायदा मिल सकता है. भारत को तीनों मुकाबले दिल्ली में खेलने हैं, जिससे टीम संयोजन को लेकर भी नजरें रहेंगी.
Also Read
9 सितंबर को बुमराह का फिटनेस टेस्ट
जसप्रीत बुमराह को अभी मैच सिमुलेशन पूरा करना है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह अभ्यास 9 सितंबर को हो सकता है. इसके बाद बीसीसीआई उनकी फिटनेस का आकलन करेगा और अफगानिस्तान सीरीज में उनके खेलने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. बुमराह की मौजूदगी भारतीय गेंदबाजी को मजबूत कर सकती है, लेकिन बोर्ड उनकी फिटनेस को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगा.
हर्षित और नीतीश पर भी नजर
बुमराह के अलावा हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस रिपोर्ट का भी इंतजार है. दोनों खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है, लेकिन उनके नाम के आगे फिटनेस को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है. वहीं हार्दिक पंड्या टीम का हिस्सा नहीं हैं. वह IPL के दौरान पैर की मांसपेशियों में लगी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और फिलहाल क्रिकेट से दूर हैं.
13 सितंबर से शुरू होगी T20 सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा. इसके बाद 15 और 17 सितंबर को बाकी दो मैच होंगे. टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान हैं. टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह भी शामिल हैं.