menu-icon
India Daily

‘पत्नी दे देगी तलाक’, टीम इंडिया का कोच बनने से क्यों डर रहे आशीष नेहरा?

भारतीय टीम के हेड कोच पद की चर्चा के बीच आशीष नेहरा ने साफ किया है कि वह इस दौड़ में नहीं हैं. उन्होंने लंबे सफर और परिवार को वजह बताया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
‘पत्नी दे देगी तलाक’, टीम इंडिया का कोच बनने से क्यों डर रहे आशीष नेहरा?
Courtesy: ANI

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का कार्यकाल अगले साल वनडे वर्ल्ड कप तक है. इसके बाद वह कोच पद से हट जाएंगे और BCCI नए कोच की तलाश में जुट जाएगी. हालांकि हेड कोच पद के लिए कई दिग्गजों के नाम तो पहले ही चर्चा में हैं.

वीवीएस लक्ष्मण और आशीष नेहरा जैसे खिलाड़ी कोच की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. हालांकि आशीष नेहरा ने  हर बार ही इससे इनकार किया है. लेकिन इस बार उन्होंने कुछ ऐसा कहा जिसने सबको हैरान कर दिया. 

'पत्नी दे देगी तलाक...’

बंगाल क्रिकेट संघ के अवॉर्ड समारोह में पहुंचे आशीष नेहरा से टीम इंडिया के हेड कोच पद को लेकर सवाल किया गया. उन्होंने कहा कि इस समय इसका जवाब देना आसान नहीं है. नेहरा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी पत्नी उन्हें तलाक दे देगी, अगर उन्होंने ऐसा किया. उन्होंने कहा पहले उन्हें पत्नी से इजाजत लेनी पड़ेगी, वरना बात तलाक तक पहुंच सकती है. नेहरा ने साफ किया कि असली समस्या लगातार सफर और लंबे समय तक घर से दूर रहना है.

8-9 महीने घर से दूर रहना बड़ी चुनौती

नेहरा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोच को कई सालों तक टीम के साथ लगातार यात्रा करनी पड़ती है. करीब 8-9 महीने घर से दूर रहना किसी के लिए आसान नहीं होता. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का कोच बनना उनके लिए निश्चित रूप से गर्व की बात होगी, लेकिन उन्होंने कभी इसके लिए कोई योजना नहीं बनाई. फिलहाल वह गुजरात टाइटंस के साथ अपनी भूमिका में खुश हैं.

गुजरात टाइटंस के साथ जारी है सफर

आशीष नेहरा आईपीएल में गुजरात टाइटंस के कोच हैं. उनके मार्गदर्शन में टीम ने अपने शुरुआती दौर में ही खिताब जीता था. अब नेहरा की जिम्मेदारी शुभमन गिल के साथ है. इससे पहले उन्होंने हार्दिक पांड्या के साथ भी काम किया और दोनों ने गुजरात की टीम को मजबूत बनाया. नेहरा ने दोनों कप्तानों की तुलना करते हुए कहा कि गिल और हार्दिक की शैली एक दूसरे से काफी अलग है.

गिल की कप्तानी में लगातार सुधार

नेहरा ने शुभमन गिल की नेतृत्व क्षमता की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि गिल और हार्दिक के पास कप्तानी संभालने से पहले ज्यादा अनुभव नहीं था, लेकिन जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों ने खुद को साबित किया. नेहरा के मुताबिक गिल की लीडरशिप में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है. यही वजह है कि वह भारतीय टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं. नेहरा ने गिल के भविष्य को लेकर भी भरोसा जताया.