menu-icon
India Daily

DC से जाएंगे या रुकेंगे राहुल? एक लाइन के जवाब ने बदल दी ट्रेड की पूरी कहानी

IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले केएल राहुल के ट्रेड को लेकर चर्चाएं थीं. अब दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल के पोस्ट पर राहुल के जवाब ने उनके भविष्य का संकेत दे दिया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
DC से जाएंगे या रुकेंगे राहुल? एक लाइन के जवाब ने बदल दी ट्रेड की पूरी कहानी

IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों की ट्रेडिंग को लेकर हलचल तेज हो गई है. इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल के टीम छोड़ने की अटकलें भी सामने आ रही थीं. अब खुद राहुल के एक जवाब ने इन चर्चाओं को काफी हद तक शांत कर दिया है. दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने राहुल की तारीफ की, जिसके जवाब में बल्लेबाज ने अगले सीजन का इंतजार करने की बात कही.

राहुल ने दिया अगले सीजन का संकेत

पार्थ जिंदल ने सोशल मीडिया पर राहुल को टीम का क्लच प्लेयर बताते हुए उनके साथ अधूरे काम को पूरा करने की बात कही. इस पोस्ट पर राहुल ने जवाब देते हुए लिखा कि वह अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उनके इस बयान को IPL 2027 में दिल्ली के साथ बने रहने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

दिल्ली के लिए लगातार किया शानदार प्रदर्शन

केएल राहुल IPL 2025 से पहले दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े थे. फ्रेंचाइजी ने उन्हें 14 करोड़ रुपये में टीम का हिस्सा बनाया था. इसके बाद उन्होंने दोनों सीजन में दमदार बल्लेबाजी की. राहुल ने 2025 में 539 रन बनाए, जबकि 2026 में उनके बल्ले से 593 रन निकले. यानी दिल्ली के लिए शुरुआती दोनों सीजन में उन्होंने 500 से ज्यादा रन बनाए.

पंजाब और लखनऊ की भी संभाली कप्तानी

दिल्ली से पहले राहुल पंजाब किंग्स की कप्तानी कर चुके हैं. इसके बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान भी लगातार तीन सीजन संभाली. राहुल के नेतृत्व में लखनऊ ने कई मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन टीम खिताब नहीं जीत सकी. IPL 2025 से उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स का रुख किया और बल्लेबाजी में लगातार प्रभाव छोड़ा.

पंत और कुलदीप के ट्रेड से बढ़ी हलचल

IPL 2027 से पहले ट्रेडिंग की चर्चा इसलिए भी तेज है, क्योंकि ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की टीम बदलने की प्रक्रिया सामने आ चुकी है. पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई है, जबकि कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़े हैं. ऐसे माहौल में राहुल को लेकर भी अटकलें थीं, लेकिन उनके ताजा जवाब से फिलहाल दिल्ली छोड़ने की चर्चा पर विराम लगता दिख रहा है.