menu-icon
India Daily

भारत का ASEAN Cup से यू-टर्न, ब्राजील के खिलाफ मैच बना पहली पसंद

भारत ने पहले FIFA ASEAN Cup से नाम वापस ले लिया है. AIFF अब अक्टूबर में ब्राजील के खिलाफ होने वाले बड़े फ्रेंडली मैच को प्राथमिकता देगा और इंटरनेशनल विंडो में अन्य मुकाबलों की योजना बनाएगा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
भारत का ASEAN Cup से यू-टर्न, ब्राजील के खिलाफ मैच बना पहली पसंद
Courtesy: X

भारतीय फुटबॉल टीम को सितंबर-अक्टूबर की FIFA इंटरनेशनल विंडो में दक्षिण-पूर्व एशिया की टीमों के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिलेगा. AIFF ने पहले FIFA ASEAN Cup से हटने का फैसला किया है. इसकी वजह ब्राजील के खिलाफ 3 अक्टूबर को होने वाला मुकाबला है, जिसे फेडरेशन अधिक अहम मान रहा है.

ब्राजील के मुकाबले के लिए ASEAN Cup से हटे

AIFF के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम. सत्यनारायणन ने बताया कि भारत FIFA ASEAN Cup में हिस्सा नहीं लेगा, टीम एक ही समय में ब्राजील के खिलाफ मैच और टूर्नामेंट दोनों नहीं खेल सकती. भारत को पहले प्रतियोगिता के डिविजन-1 ग्रुप A में इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर के साथ रखा गया था. यह टूर्नामेंट 21 सितंबर से 6 अक्टूबर तक FIFA इंटरनेशनल विंडो में होना था. भारत ने शुरुआत में इसमें खेलने की सहमति दी थी और भागीदारी से जुड़े समझौते भी पूरे किए थे. हालांकि, कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में 3 अक्टूबर को ब्राज़ील के खिलाफ मुकाबला तय होने के बाद दोनों आयोजनों के बीच तारीखों का टकराव सामने आया. AIFF ने अब साफ कर दिया है कि सीनियर टीम का फोकस ब्राज़ील मुकाबले पर रहेगा.

डेवलपमेंट टीम भेजने का विकल्प भी नहीं चुना

AIFF ने इस समस्या का हल निकालने के लिए पहले एक अलग या डेवलपमेंट टीम को ASEAN Cup में भेजने पर विचार किया था, ताकि सीनियर टीम ब्राजील के खिलाफ उपलब्ध रह सके. फेडरेशन ने इस योजना को आगे नहीं बढ़ाया. इसके बजाय सितंबर-अक्टूबर की इंटरनेशनल विंडो में भारत के लिए दूसरे फ्रेंडली मैच आयोजित करने पर ध्यान दिया जा रहा है. ब्राजील के खिलाफ मुकाबले की आधिकारिक घोषणा पिछले महीने ही हो चुकी है और इसे भारतीय टीम के हाल के सबसे बड़े इंटरनेशनल मुकाबलों में गिना जा रहा है. रिपोर्ट्स में काबो वर्डे और ईरान के साथ संभावित मैचों की भी चर्चा है. दोनों टीमें 2026 FIFA वर्ल्ड कप में खेल चुकी हैं लेकिन AIFF ने इन मुकाबलों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. ऐसे में फिलहाल ब्राज़ील का मैच ही तय कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण है.

भारतीय फुटबॉल के लिए अहम चुनौती

भारत का यह फैसला ऐसे समय आया है जब राष्ट्रीय टीम मुश्किल दौर से गुजर रही है. टीम 2027 AFC एशियन कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है और मजबूत इंटरनेशनल टीमों के खिलाफ लगातार मुकाबले हासिल करना भी आसान नहीं रहा है. ऐसे में ब्राजील जैसी दुनिया की बड़ी टीम के खिलाफ मैच भारतीय खिलाड़ियों के लिए खुद को परखने का बड़ा मौका होगा. ASEAN Cup से हटने का मतलब यह जरूर है कि भारत दक्षिण-पूर्व एशिया की कई मजबूत टीमों के खिलाफ एक नई प्रतियोगिता में खेलने का अनुभव खो देगा लेकिन AIFF का मानना है कि ब्राज़ील के खिलाफ मुकाबला ज्यादा अहम है. अब फेडरेशन की कोशिश होगी कि इसी इंटरनेशनल विंडो में कुछ और अच्छे फ्रेंडली मैच मिलें, ताकि टीम को बेहतर तैयारी और ऊंचे स्तर के मुकाबलों का अनुभव मिल सके.