IND vs AFG Test Day 2 Highlights: भारत का मुल्लांपुर में दबदबा, पहली पारी में 564 रन के बाद अफगानिस्तान के 5 विकेट ढेर

मुल्लांपुर टेस्ट के दूसरे दिन भारत ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली. 564 रन बनाने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को 113/5 पर रोक दिया.

@bcci
Ashutosh Rai

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल पूरी तरह मेजबान टीम के नाम रहा. पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. इससे अफगानिस्तान की बल्लेबाजी दबाव में आ गई. मैच के दूसरे दिन टेस्ट डेब्यू कर रहे युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपनी गेंदबाजी से सभी का ध्यान खींचा. दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान मुश्किल स्थिति में पहुंच चुका था.

भारत का विशाल स्कोर

दूसरे दिन की शुरुआत भारत ने मजबूत स्थिति से की. बल्लेबाजों ने इसे बड़े स्कोर में बदल दिया. कप्तान शुभमन गिल ने अपने शतक को आगे बढ़ाते हुए 126 रन बनाए. वहीं केएल राहुल के 100 रन से टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई. ऋषभ पंत ने भी अपने अंदाज में 81 रन जोड़े. वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने अर्धशतक लगाकर टीम को 564 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. भारत ने आठ विकेट पर पारी घोषित की और अफगानिस्तान के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा कर दिया. वहीं अफगान गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी ने छह विकेट लेकर इतिहास रचा.

मानव सुथार ने डेब्यू मैच में बिखेरा जादू

अफगानिस्तान की पारी शुरू होते ही भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाना शुरू कर दिया. इस दौरान डेब्यूटेंट मानव सुथार ने सबको अपना कायल बना दिया. रवि अश्विन ने भी सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की. युवा स्पिनर ने शानदार नियंत्रण के साथ गेंदबाजी करते हुए तीन अहम विकेट झटके. उन्होंने अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज और अफसर जजई को पवेलियन भेजकर अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. अपने पहले ही टेस्ट मैच में सुथार ने आत्मविश्वास और सटीकता के साथ गेंदबाजी की.

तेज गेंदबाजों ने भी निभाई जिम्मेदारी

स्पिन विभाग के अलावा भारतीय तेज गेंदबाजों ने भी शानदार योगदान दिया. प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी गति और उछाल से अफगानी बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने सेदिकुल्लाह अटल और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. अफगानिस्तान की टीम लगातार विकेट गंवाती रही. कभी भी साझेदारी बनाकर मैच में वापसी करती नहीं दिखी. भारतीय गेंदबाजों ने लाइन और लेंथ पर शानदार नियंत्रण रखते हुए बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.

रहमत शाह पर टिकी अफगानिस्तान की उम्मीदें

दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान ने पांच विकेट खोकर 113 रन बनाए थे. रहमत शाह 43 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं. टीम की उम्मीदें अब उन्हीं पर टिकी हैं. हालांकि, पहली पारी के आधार पर अफगानिस्तान अभी भी 451 रन पीछे है. उसकी स्थिति काफी कमजोर नजर आ रही है. भारत तीसरे दिन शुरुआती विकेट हासिल कर फॉलोऑन की दिशा में बढ़ना चाहेगा. दूसरी ओर अफगानिस्तान की कोशिश होगी कि रहमत शाह के नेतृत्व में वह सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचे और मुकाबले को कुछ और आगे ले जा सके.

भारत की प्लेइंग XI: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

अफगानिस्तान की प्लेइंग XI: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खरोटी, जियाउर रहमान शरीफी और मोहम्मद सलीम सफी.