IND vs SL: कुलदीप क्यों हुए बाहर? 33 साल के सारांश जैन को मिला टेस्ट डेब्यू, BCCI ने बताई पूरी वजह
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. इस मैच में कप्तान ने कुलदीप यादव को बाहर कर सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला. फैंस उनके इस फैसले काफी हैरान थे लेकिन अब BCCI ने अपने इस फैसले का खुलासा किया है.
कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. मुकाबले में भारतीय टीम एक बदलाव के साथ उतरी. कप्तान ने कुलदीप यादव को बाहर कर उनकी जगह 33 वर्षीय सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया. फैंस कप्तान के इस फैसले से काफी हैरान थे. लेकिन अब BCCI ने कुलदीप को बाहर करने के पीछे की वजह का खुलासा कर दिया है.
बीमारी के कारण बाहर हुए कुलदीप
दरअसल, कुलदीप यादव के बाहर होने को लेकर पहले रणनीतिक बदलाव की चर्चा थी. पहले टेस्ट में उन्होंने केवल एक विकेट लिया था और जडेजा व मानव सुथार की तुलना में कम गेंदबाजी की थी. हालांकि BCCI ने स्पष्ट किया कि कुलदीप को प्रदर्शन के कारण बाहर नहीं किया गया बल्कि वह वायरल बीमारी से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिस कारण बोर्ड ने उन्हें आराम दिया है. जरूरत पड़ने पर उन्हें कन्कशन विकल्प के रूप में मैदान में उतारा जा सकता है.
Also Read
- Ind Vs SL LIVE Score, 2nd Test 2026: भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी का फैसला; सारांश जैन का डेब्यू
- मेस्सी की टीम पर टूटा FIFA का कहर, इस खिलाड़ी पर लगा 10 मैच का बैन; AFA पर लाखों डॉलर का जुर्माना
- IND vs SL 2nd Test: श्रीलंका को उसी के घर में फिर हराएगा भारत? दूसरे टेस्ट से पहले जानें हेड टू हेड, पिच रिपोर्ट
सारांश जैन का टेस्ट डेब्यू
कुलदीप की अनुपस्थिति में सारांश जैन को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली. वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 320वें खिलाड़ी बने. 33 वर्षीय सारांश को डेब्यू कैप रवींद्र जडेजा ने सौंपी. इंदौर में जन्मे जैन ने 2014-15 सत्र में मध्य प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट शुरू किया था. उनके पिता सुबोध जैन भी मध्य प्रदेश की रणजी टीम का हिस्सा रह चुके हैं.
रणजी में दिखाया ऑलराउंड प्रदर्शन
सारांश ने 2021-22 में मध्य प्रदेश की पहली रणजी ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका निभाई. नॉकआउट मुकाबलों में उन्होंने 13 विकेट लिए और फाइनल में मुंबई के खिलाफ 57 रन बनाए. 2022-23 सत्र में उन्होंने 35 विकेट लेने के साथ 360 रन बनाए. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का लाला अमरनाथ पुरस्कार मिला. वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम को योगदान देने की क्षमता रखते हैं.
दुलीप ट्रॉफी में भी चमके
2025 की दुलीप ट्रॉफी में जैन ने सेंट्रल जोन के लिए दो मुकाबलों में 16 विकेट चटकाए. उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक भी लगाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए. 2025-26 रणजी सत्र में उन्होंने 57.55 की औसत से 518 रन बनाए और 20.43 की औसत से 30 विकेट लिए. 54 प्रथम श्रेणी मैचों में उनके नाम 2,223 रन और 188 विकेट हैं.
भारत की नजर सीरीज जीत पर
भारत ने गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में बढ़त बनाई थी. अब कोलंबो में टीम इंडिया की कोशिश मैच जीतकर सीरीज 2-0 से खत्म करने की है. ड्रॉ होने की स्थिति में भी भारत सीरीज अपने नाम कर लेगा. वहीं श्रीलंका की नजर वापसी पर होगी. ऐसे में सारांश जैन का टेस्ट पदार्पण इस मुकाबले की खास कहानी बन गया है.