फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल के बाद मैदान पर हुए विवाद का असर अब अर्जेंटीना के खिलाड़ियों पर पड़ा है. स्पेन ने न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर खिताब जीता था. मैच खत्म होने के बाद जश्न के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. अब FIFA ने इस घटना में शामिल खिलाड़ियों और अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है.
मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेस को 10 इंटरनेशनल मैचों के लिए बैन कर दिया गया है. विवाद के दौरान उन पर स्पेन के गावी को धक्का देकर गिराने और एरिक गार्सिया का गला पकड़ने का आरोप लगा. FIFA ने मारपीट से जुड़े तीन मामलों में उन्हें दोषी माना. इसके अलावा परेडेस पर 90 हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है. यह सजा उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है.
BREAKING: FIFA rolls out punishment on Argentina FA and players after World Cup final fracas.
— Fisayo Dairo (@FisayoDairo) August 21, 2026
My Leandro Paredes is given 10-match ban 😭
Nahuel Molina - 7 match ban
Thiago Almada - 1 match.
AFA should go to CAS to (at least) reduce the sanctions. pic.twitter.com/DBRdwYlg1T
डिफेंडर नाहुएल मोलिना को दो मामलों में दोषी पाए जाने के बाद सात मैचों का प्रतिबंध मिला है. उन पर भी 90 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है. वहीं थियागो अल्माडा को खेल भावना के विपरीत आचरण के लिए एक मैच से बाहर किया गया है. उनके ऊपर 30 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है. अर्जेंटीना के सहायक कोच रॉबर्टो अयाला पर भी 30 हजार डॉलर की आर्थिक सजा लगी है.
इस मामले में स्पेन के मिडफील्डर गावी को भी एक मैच के लिए निलंबित किया गया है. इसका असर उनके अगले कार्यक्रम पर पड़ेगा और वह 26 सितंबर को वेम्बली में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले नेशन्स लीग मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे. वहीं परेडेस की 10 मैचों की सजा जारी रहती है तो जून 2027 तक अर्जेंटीना के सभी 10 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले गंवाने पड़ सकते हैं. ये सभी मैच फिलहाल दोस्ताना मुकाबले हैं.
FIFA ने अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) पर भी कार्रवाई की है. इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के बाद फॉकलैंड आइलैंड्स से जुड़ा राजनीतिक बैनर दिखाने समेत अलग-अलग घटनाओं के लिए AFA पर 1.10 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया गया है. साथ ही नस्लवाद विरोधी कार्यक्रमों पर एक लाख डॉलर खर्च करने का निर्देश दिया गया है. AFA इन फैसलों के खिलाफ FIFA में अपील कर सकता है और जरूरत पड़ने पर CAS का रुख भी कर सकता है.