पंत ने लगाया छक्कों का शतक... गिलक्रिस्ट को पछाड़कर निकले आगे, सिर्फ 89 पारियों में पूरे किए 100 टेस्ट SIX

भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपने विकेट से ठीक पहले अपना 20वां अर्धशतक पूरा किया. इसके साथ ही उन्होंने कुछ ऐसा करनामा भी किया जिसके बाद उनका नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है. 

X (@CricCrazyJohns)
Meenu Singh

फिलहाल भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. पहले के चौथे दिन टीम बल्लेबाजी कर रही है. दूसरी पारी में  भारत फिलहाल 7 विकेट के नुकसान पर 179 रन बना सका है लेकिन इस दौरान ही भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपने विकेट से ठीक पहले अपना 20वां अर्धशतक पूरा किया. इसके साथ  ही उन्होंने कुछ ऐसा करनामा भी किया जिसके बाद उनका नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है. 

उन्होंने गॉल में छक्कों का शतक पूरा कर लिया. पंत ने लाहिरु कुमारा की गेंद को फाइन लेग के ऊपर से सीमा के बाहर भेजकर यह खास मुकाम हासिल किया. 28 वर्षीय पंत अब टेस्ट इतिहास में 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं. हालांकि 66 रनों पर पंत आउट हो गए.

पंत ने गॉल में रचा इतिहास

पंत ने अपने 51वें टेस्ट मैच में छक्कों का सैकड़ा पूरा किया. 37वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने लाहिरु कुमारा के खिलाफ फाइन लेग की दिशा में शानदार शॉट खेलकर गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचा दिया. इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय और पहले एशियाई खिलाड़ी बन गए.


गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड भी टूटा

इस उपलब्धि के साथ पंत ने ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया. गिलक्रिस्ट ने 130 पारियों में 100 टेस्ट छक्के पूरे किए थे, जबकि पंत ने यह मुकाम सिर्फ 89 पारियों में हासिल कर लिया. यानी पंत ने गिलक्रिस्ट से 41 कम पारियों में छक्कों का शतक पूरा किया.

अब सिर्फ तीन बल्लेबाज आगे

टेस्ट इतिहास में पंत से पहले तीन बल्लेबाज 100 से ज्यादा छक्के लगा चुके हैं. बेन स्टोक्स 138 छक्कों के साथ इस सूची में सबसे आगे हैं. ब्रेंडन मैकुलम के नाम 107 छक्के हैं, जबकि गिलक्रिस्ट ने 100 छक्के लगाए थे. पंत के नाम अब 100 छक्के हो चुके हैं और वह इस सूची में चौथे स्थान पर हैं.

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के

138 - बेन स्टोक्स

107 - ब्रेंडन मैकुलम

100* - ऋषभ पंत

100 - एडम गिलक्रिस्ट