IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

IND vs SA: रोहित शर्मा रायपुर में हुए फ्लॉप लेकिन अपने नाम किया ये खास रिकॉर्ड, सचिन के स्पेशल क्लब में हुए शामिल

साउथ अफ्रीका के खिलाफ रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा 14 रन बनाकर ऑउट हो गए. हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने सचिन तेंदुलकर के खास क्लब में एंट्री मार ली है.

BCCI (X)
Praveen Kumar Mishra

रायपुर: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रायपुर में खेला गया दूसरा वनडे मैच भले ही रोहित शर्मा के लिए बड़ी पारी का मौका न बन सका, लेकिन सिर्फ 14 रनों की छोटी-सी पारी ने उन्हें दो बड़े रिकॉर्ड्स का हिस्सा बना दिया. 

हिटमैन ने 8 गेंदों में चार शानदार चौके जड़े लेकिन नांद्रे बर्गर की गेंद पर क्विंटन डी कॉक को कैच थमा बैठे. फिर भी यह पारी उनके करियर के लिए खास बन गई. उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

रोहित शर्मा ने पूरे किए 9000 रन

रोहित शर्मा अब भारत की सरजमीं पर 9000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले सिर्फ चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इस एलीट लिस्ट में सबसे पहले नाम है महान सचिन तेंदुलकर का फिर विराट कोहली और राहुल द्रविड़ का. 

अब रोहित शर्मा भी इस खास क्लब के सदस्य हैं. घरेलू मैदानों पर लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले रोहित का यह आंकड़ा उनकी कंसिस्टेंसी को साबित करता है.

राहुल द्रविड़ की बराबरी

इस मैच के साथ ही रोहित शर्मा ने भारत के लिए अपना 504वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल लिया. इसी के साथ वे राहुल द्रविड़ की बराबरी पर पहुंच गए हैं. अब सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में सिर्फ सचिन तेंदुलकर विराट कोहली और एमएस धोनी ही रोहित से आगे हैं. यानी टॉप-3 के बाद रोहित और द्रविड़ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं.

फॉर्म में हैं हिटमैन

पहले वनडे में रांची में 57 रनों की उपयोगी पारी खेलने के बाद रोहित दूसरा मैच भी तेज शुरुआत देने के मूड में दिखे. चार चौकों की मदद से उन्होंने महज 8 गेंदों में 14 रन ठोक दिए. हालांकि बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन उनकी मौजूदगी भारतीय पारी को हमेशा मजबूत शुरुआत देती है.

तीन मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है और रायपुर में खेले जा रहे इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. अब देखना यह है कि रोहित की टीम सीरीज पर कब्जा जमाने में कामयाब होती है या नहीं. हालांकि, एक बात साफ है छोटी पारी हो या बड़ी, रिकॉर्ड्स के मामले में रोहित शर्मा पीछे नहीं रहते.