U19 World Cup Final: खिताब पर कब्जे को तैयार ‘यंग’ टीम इंडिया, इंग्लैंड पर चलेगा बल्ले का तूफान, वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे. इस मैच में रिकॉर्ड छठा खिताब जीतने के इरादे से युवा टीम इंडिया मैदान में उतरेगी. वहीं इंग्लैंड दूसरी ट्रॉफी का सपना देख रहा है.
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है. शुक्रवार, 6 फरवरी को हरारे में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में भारत और इंग्लैंड की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी. सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को मात दी, जबकि इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई. दोनों टीमों के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है.
फाइनल की तारीख और मंच
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने वाला यह फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 12:30 बजे होगा. अफ्रीकी पिच पर तेज गेंदबाजों और आक्रामक बल्लेबाजों की भूमिका अहम रहने वाली है. दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में संतुलित प्रदर्शन किया है, जिससे फाइनल का रोमांच और बढ़ गया है.
भारत का सुनहरा इतिहास
यह भारत का 10वां अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल है और लगातार छठी बार टीम इंडिया खिताबी मुकाबले में पहुंची है. भारत अब तक पांच बार चैंपियन बन चुका है. 2000 से लेकर 2022 तक युवा भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा है और इस बार भी रिकॉर्ड छठा खिताब जीतने का सुनहरा मौका है.
यंग ब्रिगेड से उम्मीदें
भारतीय टीम की बल्लेबाजी इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी ताकत रही है. सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक पारी और एरॉन जॉर्ज का शतक टीम को आत्मविश्वास दे रहा है. कप्तान आयुष म्हात्रे और उप-कप्तान विहान मल्होत्रा ने लगातार जिम्मेदारी निभाई है. गेंदबाजी में कनिष्क चौहान और हेनिल पटेल ने विपक्षी टीमों को परेशान किया है.
क्या होगी इंग्लैंड की चुनौती
इंग्लैंड की टीम दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी. कप्तान थॉमस रेव के नेतृत्व में इंग्लिश टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दमदार खेल दिखाया. बेन डॉकिन्स और जोसेफ मूर्स की बल्लेबाजी के साथ फरहान अहमद की गेंदबाजी भारत के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है.
आंकड़ों में भारत का दबदबा
भारत और इंग्लैंड के बीच अंडर-19 स्तर पर अब तक 55 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 41 मैच जीते हैं. इंग्लैंड को सिर्फ 13 बार सफलता मिली है. आंकड़े भारत के पक्ष में जरूर हैं, लेकिन फाइनल में दबाव और हालिया प्रदर्शन ही असली परीक्षा तय करेगा.
और पढ़ें
- 'थैंक यू पाकिस्तान', बांग्लादेश के भारत विरोधी खेल की खुली पोल, क्रिकेट न खेलने की असली वजह हुई उजागर
- स्मृति मंधाना ने WPL फाइनल में रचा इतिहास, सबसे तेज फिफ्टी का बनाया रिकॉर्ड, ऑरेंज कैप जीतने वाली भारतीय महिला बनी
- WPL 2026: RCB ने रचा इतिहास, दिल्ली कैपिटल्स को हराकर दूसरी बार खिताब पर किया कब्जा; लगातार चौथी बार टूटा दिल्लीवालों का 'दिल'