US Israel Iran War

भारत के विश्व विजेता बनने के पीछे 'जिम्बाब्वे फैक्टर', 3 विश्व कप में देखने को मिला ये अजब गजब संयोग

भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ एक दिलचस्प संयोग भी जुड़ा हुआ है, जिसे 'जिम्बाब्वे फैक्टर' कहा जा रहा है. दरअसल, जब भी आईसीसी टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है, उस साल भारत ने वर्ल्ड कप जीता है.

@BCCI
Anuj

अहमदाबाद: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की.

इस जीत के साथ ही भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली पुरुष टीम बन गई है. फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के दो बड़े हीरो रहे. बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने धमाकेदार पारी खेली, जबकि गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदों से न्यूजीलैंड की टीम को संभलने का मौका ही नहीं दिया.

भारत ने रचा इतिहास

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर बनाया. ओपनिंग करने उतरे संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन बनाए. उनकी पारी में 8 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. सैमसन की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रखा. संजू के अलावा अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और शिवम दुबे ने भी आक्रमक पारी खेली.शानदार प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का अवॉर्ड दिया गया.

दबाव में बिखरी न्यूजीलैंड की टीम

256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट झटके. उनकी सटीक लाइन और लेंथ ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को दबाव में ला दिया. बुमराह के इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. जसप्रीत बुमराह के अलावा अक्षर पटेल ने भी 3 विकेट लिए. 

भारत की जीत से जुड़ा दिलचस्प संयोग

भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ एक दिलचस्प संयोग भी जुड़ा हुआ है, जिसे 'जिम्बाब्वे फैक्टर' कहा जा रहा है. दरअसल, जब भी आईसीसी टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है, उस साल भारत ने वर्ल्ड कप जीता है. ऐसा पहला मौका 1983 के वनडे वर्ल्ड कप में देखने को मिला था, जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया और बाद में भारत ने वेस्टइंडीज को फाइनल में मात देकर खिताब जीता.

इसके बाद 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में भी जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था और उस साल भारत ने पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था. अब 2026 में भी यही संयोग दोहराया गया. इस बार जिम्बाब्वे ने ग्रुप चरण में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गया.

3 खिताब जीतने वाला पहला देश बना भारत

भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रच दिया है. इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में यह खिताब जीता था. 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था, जबकि 2024 में रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम ने दूसरा खिताब अपने नाम किया था.

खास बात यह रही कि फाइनल मुकाबला देखने के लिए महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा भी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद थे. भारत की इस शानदार जीत ने तीन साल पहले इसी मैदान पर वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार की कसक को भी काफी हद तक कम कर दिया.