IND vs NZ, T20 World Cup Final; संजू सैमसन धोनी के साथ खास लिस्ट में हुए शामिल, टी20I में अपने नाम किया ये स्पेशल रिकॉर्ड
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में संजू सैमसन ने बड़ी उपलब्धि हासिल की. अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में भारत के लिए 1000 रन पूरे किए.
अहमदाबाद: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच जारी है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में संजू सैमसन ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. भारत की पारी की शुरुआत करते हुए सैमसन ने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर शानदार छक्का लगाया. इसी शॉट के साथ उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज भारत के लिए 1000 रन पूरे कर लिए और एक खास क्लब में अपनी जगह बना ली.
31 वर्षीय बल्लेबाज सैमसन यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के दूसरे विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम था. धोनी ने 2006 से 2019 के बीच खेले 98 टी20 मैचों की 85 पारियों में 1617 रन बनाए थे.
सैमसन ने खास उपलब्धि हासिल की
संजू सैमसन ने 45वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की. उन्होंने केवल 45वें मैच में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में अपने 1000 रन पूरे किए. अब तक खेले 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनके नाम कुल 1316 रन दर्ज हो चुके हैं. भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में धोनी और सैमसन के बाद ऋषभ पंत का नाम आता है.
पहले नंबर पर जोस बटलर का नाम
पंत के खाते में 996 रन हैं, जबकि ईशान किशन ने 545 रन बनाए हैं. अगर दुनिया की बात करें तो टी20 अंतरराष्ट्रीय में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के जोस बटलर ने बनाए हैं. बटलर ने 127 मैचों में कुल 3592 रन बनाए हैं.
संजू की ऐतिहासिक पारी
वहीं, संजू सैमसन ने 89 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर नॉकआउट मुकाबलों में विराट कोहली के सबसे बड़े भारतीय स्कोर की बराबरी कर ली है. उन्होंने खिताबी मुकाबले में 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली. इस मैच में अभिषेक और संजू की जोड़ी ने 17 साल पुराने विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया.
48 रनों की साझेदारी
साल 2009 में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों ने 48 रनों की साझेदारी की थी, जो अब तक फाइनल मैच में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप थी. अभिषेक और संजू ने पहली बार किसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहले विकेट के लिए 50 से अधिक रन जोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया.
और पढ़ें
- IND vs NZ T20 World Cup Final: संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड का नया इतिहास रचा, विराट को पछाड़ कर अपने नाम किया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
- IND vs NZ, T20 World Cup Final: वसीम जाफर ने वॉन से फिर लिए मजे, नजर से बचाने के लिए शेयर किया देसी टोटका
- IND vs NZ, T20 World Cup Final: अभिषेक शर्मा की फाइनल में तूफानी वापसी, 18 गेंदों में फिफ्टी जड़ कीवी टीम को बैकफुट में धकेला