T20 World Cup 2026: अद्भुत, अविश्वसनीय, अकल्पनीय... भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता खिताब; तीसरी ट्रॉफी जीतने वाली बनी पहली टीम
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीत लिया है. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एक नया इतिहास रच दिया है. भारत टी20 वर्ल्ड कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाला पहला देश बन गया है.
अहमदाबाद: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एक नया इतिहास रच दिया है. भारत टी20 वर्ल्ड कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाला पहला देश बन गया है. शानदार प्रदर्शन के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है.
यह भी पहली बार हुआ है जब किसी मेजबान टीम ने अपने ही देश में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता हो. इससे पहले कई देशों ने टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, लेकिन कोई भी टीम अपने घर में ट्रॉफी नहीं जीत पाई थी. अब यह उपलब्धि भारतीय टीम के नाम दर्ज हो गई है.
Also Read
- पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप में बनाए सबसे ज्यादा रन, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए उठ रहा नाम
- T20 World Cup 2026: अद्भुत, अविश्वसनीय, अकल्पनीय... भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता खिताब; तीसरी ट्रॉफी जीतने वाली बनी पहली टीम
- T20 World Cup 2026: फाइनल में भारतीय टीम का अद्भुत रिकॉर्ड, बना डाला सबसे बड़ा स्कोर
दबाव में बिखरी न्यूजीलैंड की टीम
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली. पूरी कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत ने मुकाबला 96 रन से अपने नाम कर लिया.
रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत
रनों के अंतर से यह जीत टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबलों के इतिहास की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है. भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने यह भी साबित कर दिया कि वह टी20 क्रिकेट में दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक है. घरेलू मैदान पर हजारों दर्शकों के सामने मिली इस जीत ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को जश्न मनाने का बड़ा मौका दे दिया.
भारत की तूफानी शुरूआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तेज शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 98 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे. दूसरी ओर संजू सैमसन ने भी शानदार पारी खेली. वह अपने शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उन्होंने 46 गेंदों में 89 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. उनकी इस पारी में पांच चौके और आठ छक्के शामिल रहे.
ईशान किशन आक्रमक अंदाज
इसके बाद ईशान किशन ने भी तेज अंदाज में बल्लेबाजी की और 25 गेंदों में 54 रन की पारी खेली. उनकी पारी में चार चौके और चार छक्के देखने को मिले. हालांकि, सूर्यकुमार यादव इस मैच में खास प्रदर्शन नहीं कर पाए और बिना खाता खोले ही आउट हो गए. तिलक वर्मा ने छह गेंदों पर आठ रन बनाए.
पारी के आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने तेज रन बनाकर स्कोर को और बड़ा कर दिया. उन्होंने आठ गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 26 रन बनाए. वहीं, हार्दिक पांड्या ने भी 13 गेंदों में 18 रन का योगदान दिया. न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए.
96 रन से हारा न्यूजीलैंड
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी. हालांकि, टिम सीफर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 31 रन की तेज साझेदारी की, लेकिन इसके बाद टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई. न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन टिम सीफर्ट ने बनाए. उन्होंने 26 गेंदों में 52 रन की पारी खेली, जिसमें दो चौके और पांच छक्के शामिल रहे.
कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी 35 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि डेरिल मिचेल ने 17 रन का योगदान दिया. टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके. भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे सफल रहे. उन्होंने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को बड़ा झटका दिया. वहीं, अक्षर पटेल ने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.