T20 World Cup 2026

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान के बीच होली के दिन होगी सबसे बड़ी टक्कर! जानें टी20 वर्ल्ड कप में कैसे बनेगा सेमीफाइल का समीकरण?

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की बात करें तो भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है. अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में भारत 8-1 से आगे है, जो बड़े मंच पर उसकी श्रेष्ठता को दर्शाता है.

@iiamirfanali
Anuj

नई दिल्ली: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने निर्णायक चरण सुपर-8 में प्रवेश कर चुका है. 20 टीमों के साथ शुरू हुए इस वैश्विक टूर्नामेंट में अब केवल 8 टीमें बची हैं और सेमीफाइनल की जंग तेज हो गई है.

सुपर-8 चरण का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण टॉस तक नहीं हो सका और मुकाबला रद्द करना पड़ा. इस नतीजे ने अंक तालिका को और दिलचस्प बना दिया है, क्योंकि अब हर टीम के लिए आगे का रास्ता और चुनौतीपूर्ण हो गया है.

भारत की पाकिस्तान पर बड़ी जीत

ग्रुप चरण में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान की टक्कर हुई थी. इस हाईवोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रन से हराया था. मैच से पहले दोनों देशों के के बीच काफी तनातनी भी देखने को मिली थी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच का बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी और मामले को सुलझाने के लिए आईसीसी अधिकारियों को लाहौर तक जाना पड़ा था. आखिर में मैच तय कार्यक्रम के अनुसार हुआ और मैदान पर भारत ने दबदबा दिखाया.

भारत का मजबूत रिकॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की बात करें तो भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है. अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में भारत 8-1 से आगे है, जो बड़े मंच पर उसकी श्रेष्ठता को दर्शाता है.

अलग-अलग ग्रुप में भारत-पाक

सुपर-8 चरण में भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है. नियम स्पष्ट हैं कि दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. ऐसे में दोनों टीमों की दोबारा भिड़ंत केवल एक ही स्थिति में संभव है. यदि भारत अपने ग्रुप में टॉप-2 में रहता है और पाकिस्तान भी अपने ग्रुप से सेमीफाइनल में जगह बना लेता है. इस स्थिति में सेमीफाइनल में एक और भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने को मिल सकता है, जिसका दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को इंतजार रहता है.

होली पर महामुकाबला?

मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार, यदि भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उसे 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दूसरा सेमीफाइनल खेलना है. घरेलू परिस्थितियों में खेलना भारतीय टीम के लिए लाभकारी माना जाता है. हालांकि यहां एक महत्वपूर्ण शर्त लागू होती है. यदि सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना होता है, तो यह मैच मुंबई में नहीं खेला जाएगा. इसे श्रीलंका स्थानांतरित कर दिया जाएगा और मुकाबला 4 मार्च को आयोजित होगा.

न्यूट्रल वेन्यू पर होगा मैच

यह व्यवस्था दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच हुए हाइब्रिड मॉडल समझौते का हिस्सा है, जिसके तहत 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक भारत-पाकिस्तान के आईसीसी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर कराए जाएंगे.  यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाता, तो भारत मुंबई में ही खेलेगा.

भारत-पाक का रोमांचक मुकाबला

लेकिन पाकिस्तान के क्वालिफाई करते ही संभावित सेमीफाइनल श्रीलंका में खेला जाएगा. खास बात यह है कि तय तिथि 4 मार्च को भारत में होली का त्योहार भी रहेगा. ऐसे में यदि दोनों टीमें भिड़ती हैं, तो क्रिकेट प्रशंसकों को त्योहार के दिन एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है.

सुपर-8 के नतीजे अब यह तय करेंगे कि क्रिकेट जगत को भारत-पाकिस्तान के बीच एक और यादगार मुकाबला देखने को मिलेगा या नहीं. फिलहाल, सभी निगाहें दोनों टीमों के अगले मैचों और अंक तालिका पर टिकी हैं.