ENG vs SL: स्पिन के जाल में फंसे श्रीलंकाई, 51 रनों से मिली हार; इंग्लैंड की श्रीलंका पर लगातार 12वीं जीत
147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरुआत से ही दबाव में रही. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ लगातार विकेट निकालते हुए मैच पर पकड़ बनाए रखी.
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 राउंड के मैच खेले जा रहे हैं. इस बीच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें इंग्लिश टीम ने मेजबान टीम को 51 रन से हराया. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ लगातार 12वीं जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा.
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन बनाए और श्रीलंका को 147 रन का लक्ष्य दिया. जवाब में श्रीलंकाई टीम इंग्लैंड के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और 16.4 ओवर में मात्र 95 रन पर सिमट गई. इस मुकाबले में इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों ने 7 विकेट हासिल किए.
Also Read
- IND vs SA Super-8 Match: प्लेइंग-11 से क्यों बाहर हुए उपकप्तान अक्षर पटेल? कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताई वजह
- IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान के बीच होली के दिन होगी सबसे बड़ी टक्कर! जानें टी20 वर्ल्ड कप में कैसे बनेगा सेमीफाइल का समीकरण?
- शिखर धवन से लेकर दिनेश कार्तिक तक... 5 क्रिकेटर जिन्होंने दूसरी बार बसाया अपना घर
इंग्लैंड की खराब शुरूआत
इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान जोस बटलर एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए. वह 14 गेंदों पर केवल 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे. शुरुआती झटके के बाद भी इंग्लैंड की टीम संभल नहीं पाई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. ऐसे मुश्किल समय में ओपनर फिल साल्ट ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार अर्धशतक जमाया. साल्ट ने 40 गेंदों में 62 रन की प्रभावशाली पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.
दुनिथ वेलालगे सबसे सफल गेंदबाज
उनके अलावा निचले क्रम में विल जैक्स ने 14 गेंदों में 21 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया. वहीं, श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में दुनिथ वेलालगे सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके. 147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरुआत से ही दबाव में रही. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ लगातार विकेट निकालते हुए मैच पर पकड़ बनाए रखी. श्रीलंकाई बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में पूरी तरह विफल रहे और पूरी टीम 95 रन पर ढेर हो गई.
विल जैक्स ने 3 विकेट झटके
इंग्लैंड के लिए गेंदबाजी में विल जैक्स ने 3 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया. वहीं, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन और आदिल राशिद ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि एक सफलता जेमी ओवरटन को मिली. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में श्रीलंका ने आखिरी बार इंग्लैंड को 20 मई 2014 को हराया था. उसके बाद से दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी 12 टी20 मुकाबलों में इंग्लैंड ने जीत हासिल की है. इस दौरान इंग्लैंड ने कई बार एकतरफा अंदाज में मुकाबले जीते.