अहमदाबाद: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है. खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. टॉस हाकर पहले बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन से इतिहास रच दिया है.
भारतीय सलामी जोड़ी ने टी20 विश्व कप इतिहास के फाइनल मैच में 50 से ज्यादा रन की साझेदारी कर खास उपलब्धि हासिल कर ली है. इससे पहले साल 2009 में आयोजित विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान के कामरान अकमल और शाहजैब हसन के बीच 48 रन की साझेदारी हुई थी.
लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल मैच में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज कामरान अकमल और शाहजैब हसन ने श्रीलंका के खिलाफ 48 रनों की अहम साझेदारी की थी. इस मैच में कामरान अकमल ने 28 गेंदों पर 37 और शाहजैब हसन ने 23 गेंदों पर 19 रन बनाए थे. कामरान अकमल ने अपनी पारी में 2 छक्के और 2 चौके लगाए थे, जबकि शाहजैब हसन ने 3 चौके जमाए थे.
फाइनल मैच में श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था. श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 138 बनाए थे. पाकिस्तान की टीम ने 18.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य का आसानी से हासिल कर लिया था. इस तरह पाकिस्तान ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर अपना पहला आईसीसी विश्व टी20 खिताब जीता था.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी मैच में अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की. इससे पहले अभिषेक शर्मा की फॉर्म को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे थे. कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने अभिषेक को प्लेइंग-11 से बाहर करने अपील भी की थी. अभिषेक शर्मा ने आलोचकों को अपने बल्ले से जवाब दिया.
अभिषेक ने 21 गेंदों पर 52 रन की तूफानी पारी खेली. अभिषेक ने अपनी पारी में 3 छक्के और 6 चौके लगाए. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था. फाइनल से पहले उन्होंने सात मैचों में सिर्फ 89 रन बनाए थे. ग्रुप स्टेज के दौरान तो वह लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हो गए थे.