ICC ने 'प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड' के लिए 3 खिलाड़ियों को किया शॉर्टलिस्ट, पाकिस्तान के इस प्लेयर का नाम शामिल
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 383 रन बनाए. खास बात यह रही कि फरहान ने इस दौरान दो शतक भी लगाए.
नई दिल्ली: आईसीसी ने फरवरी महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए तीन खिलाड़ियों के नाम घोषित कर दिए हैं. इस बार नामांकन सूची में पाकिस्तान, इंग्लैंड और अमेरिका के खिलाड़ी शामिल हैं.
आईसीसी ने जिन खिलाड़ियों को इस सम्मान के लिए चुना है उनमें साहिबजादा फरहान, विल जैक्स और शैडली वैन शाल्कविक का नाम शामिल है. अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर इस बात पर है कि इन तीनों में से कौन सा खिलाड़ी यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड जीतता है.
साहिबजादा फरहान ने बनाए रिकॉर्ड
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 383 रन बनाए. खास बात यह रही कि फरहान ने इस दौरान दो शतक भी लगाए. उन्होंने पहला शतक नामीबिया के खिलाफ और दूसरा श्रीलंका के खिलाफ जड़ा. इससे पहले एक ही टी20 विश्व कप में दो शतक लगाने का कारनामा किसी बल्लेबाज ने नहीं किया था. फरहान ने अपने शानदार प्रदर्शन से कई पुराने रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए.
विल जैक्स का ऑलराउंड प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाड़ी विल जैक्स ने भी टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने कुल 194 रन बनाए और साथ ही 11 विकेट भी अपने नाम किए. उनकी इसी शानदार फॉर्म की वजह से इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही. जैक्स को इस टूर्नामेंट के दौरान चार बार प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जो अपने आप में एक खास उपलब्धि मानी जा रही है.
शैडली वैन शाल्कविक की घातक गेंदबाजी
अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने भी अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा. उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 13 विकेट हासिल किए. टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में ही उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी. खास तौर पर भारत के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने चार विकेट लेकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था. अब क्रिकेट प्रशंसकों को इंतजार है कि आईसीसी फरवरी महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए इन तीन खिलाड़ियों में से किसे विजेता घोषित करता है.