Asian Games 2026

गोल्डन पंच से लेकर हॉकी के गोल तक... Asian Games 2026 में भारत का जलवा, यहां पदकवीरों की पूरी लिस्ट

भारत ने आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में कुल 85 पदक जीते, जिसमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज शामिल रहे. हॉकी, क्रिकेट, कबड्डी, आर्चरी, शूटिंग, एथलेटिक्स, कुश्ती और बॉक्सिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

@MIB_India X Account
Km Jaya

आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारत ने 85 पदकों के साथ अपने अभियान का शानदार अंत किया. भारत ने 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल जीते और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया. भारत से आगे चीन, जापान और दक्षिण कोरिया रहे. पदकों की संख्या हांगझोउ एशियन गेम्स 2022 के 106 पदकों से कम रही, लेकिन इस बार कई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज कीं.

भारत की पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल में मलेशिया को 5-1 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीता. हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल किए, जबकि जुगराज सिंह, हार्दिक सिंह और शिलानंद लाकड़ा ने एक-एक गोल किया. पूरे टूर्नामेंट में हरमनप्रीत 12 गोल के साथ शीर्ष स्कोरर रहे.

44 साल बाद आया महिला हॉकी टीम में गोल्ड

इस जीत से भारतीय पुरुष टीम ने लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 का टिकट भी हासिल किया. महिला हॉकी टीम ने भी चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड जीता. इस तरह पहली बार एक ही एशियन गेम्स में भारत की पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया.


एश‍ियन गेम्स 2026 में भारत के पदकवीर

क्र.सं.

क्रिकेट और कबड्डी में भी बरकरार रहा दबदबा

क्रिकेट में भारत की पुरुष टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड जीता. भारत ने 211/6 का स्कोर बनाया, जिसमें अभिषेक शर्मा ने 61 और तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाए. महिला टीम ने भी श्रीलंका को हराकर अपना खिताब बरकरार रखा. कबड्डी में भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल जीता. दोनों टीमों ने फाइनल में ईरान को हराकर अपना खिताब डिफेंड किया.

आर्चरी और शूटिंग में भी शानदार प्रदर्शन

तीरंदाजी भारत के सफल खेलों में शामिल रही. भारत ने आर्चरी में पांच गोल्ड जीते. 17 साल की कुमकुम अनिल मोहोड ने महिला इंडिविजुअल रिकर्व में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा. वह इस स्पर्धा में एशियन गेम्स गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं. उन्होंने अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ महिला रिकर्व टीम का गोल्ड भी जीता.

गोल्फ में प्रणवी शरथ उर्स ने 15-अंडर 265 के स्कोर के साथ गोल्ड जीता. वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बनीं. महिला टीम स्पर्धा में प्रणवी, अदिति अशोक और दीक्षा डागर ने सिल्वर मेडल जीता. निशानेबाजी में भारत ने 15 पदक जीते. नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप में गोल्ड जीता, जबकि कमलजीत और सुरुचि सिंह ने मिक्स्ड टीम 10 मीटर एयर पिस्टल में गोल्ड हासिल किया.

एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा 24 पदक

एथलेटिक्स भारत के लिए सबसे ज्यादा पदक लाने वाला खेल रहा. भारतीय खिलाड़ियों ने इस खेल में कुल 24 पदक जीते. विथ्या रामराज ने 400 मीटर हर्डल्स में ब्रॉन्ज जीतने के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ा. यशवीर सिंह ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर और रोहित यादव ने ब्रॉन्ज जीता. सावन बरवाल ने एशियन गेम्स मैराथन में 1982 के बाद भारत को पहला पदक दिलाया. सर्वेश कुशारे ने हाई जंप में 56 साल का इंतजार खत्म किया, जबकि बरानिका एलंगोवन एशियन गेम्स में पोल वॉल्ट पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं.

कुश्ती और बॉक्सिंग में भी चमके भारतीय खिलाड़ी

कुश्ती में अमन सहरावत ने पुरुषों के 57 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीता. सुजीत कलकल ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि अंतिम पंघल ने सिल्वर और दीपक पूनिया ने ब्रॉन्ज जीता. भारत ने कुश्ती में कुल छह पदक जीते. बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन ने गोल्ड जीतकर खास उपलब्धि दर्ज की. वह मैरी कॉम के बाद एशियन गेम्स में बॉक्सिंग गोल्ड जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला बनीं. परवीन हुड्डा और अंकुश पंघल ने भी गोल्ड मेडल जीते.

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में पहला एशियन गेम्स पदक

इसके अलावा सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भारत को इस खेल का पहला एशियन गेम्स पदक दिलाया. मीराबाई चानू ने महिला 49 किग्रा वर्ग में सिल्वर जीता, जबकि स्क्वैश में अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्स में सिल्वर हासिल किया. वुशू में रोशिबिना देवी ने लगातार तीसरे एशियन गेम्स में पदक जीता.

एशियन गेम्स 2026 भारत के लिए लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 की तैयारियों के लिहाज से भी अहम रहा. हॉकी और आर्चरी समेत कई खेलों में ओलंपिक क्वालिफिकेशन हासिल किए गए. भारत का सबसे सफल दिन 2 अक्टूबर रहा, जब भारतीय दल ने छह गोल्ड समेत कुल 12 पदक जीते. इसके बाद 3 अक्टूबर को भी भारत के खाते में नौ पदक आए.