IPL को लेकर हैरी ब्रूक का यू-टर्न, 2027 में वापसी की बढ़ी उम्मीद

हैरी ब्रूक ने IPL से दूर रहने के अपने पुराने फैसले में बदलाव के संकेत दिए हैं. इंग्लैंड के बल्लेबाज ने भविष्य में IPL खेलने पर विचार करने की इच्छा जताई है.

X
Ashutosh Rai

इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने IPL को लेकर अपना रुख बदल दिया है. पहले वह सिर्फ इंग्लैंड और द हंड्रेड पर ध्यान देने की बात कहते थे लेकिन अब उन्होंने IPL को शानदार प्रतियोगिता बताते हुए भविष्य में इसमें खेलने की संभावना से इनकार नहीं किया. हालांकि, 2026 में वह उपलब्ध नहीं होंग.

IPL को लेकर बदला हैरी ब्रूक का रुख

हैरी ब्रूक ने IPL में खेलने को लेकर अपने पहले के फैसले से अलग संकेत दिए हैं. कुछ समय पहले उन्होंने साफ कहा था कि वह द हंड्रेड के अलावा किसी फ्रेंचाइजी लीग में नहीं खेलना चाहते और अपना पूरा ध्यान इंग्लैंड क्रिकेट पर रखना चाहते हैं. इसी वजह से वह IPL, PSL जैसी प्रतियोगिताओं से दूर रहे. अब द हंड्रेड के दौरान जब उनसे IPL को लेकर सवाल पूछा गया, तो उनका जवाब काफी अलग था. ब्रूक ने IPL को शानदार टूर्नामेंट बताया और कहा कि वहां खेलने से खिलाड़ी को बेहतर बनने का अनुभव मिलता है. उन्होंने यह भी कहा कि वह भविष्य में IPL में खेलने के बारे में जरूर सोचेंगे. उनके इस बयान से संकेत मिलता है कि उनकी सोच अब पहले जैसी सख्त नहीं रही.

IPL से रहा है ब्रूक का उतार-चढ़ाव भरा रिश्ता

ब्रूक का IPL करियर पहले भी चर्चा में रहा है. 2023 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा था. अपने पहले ही सीजन में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार शतक लगाया था. इसके बाद 2025 की मेगा नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 6.25 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया लेकिन ब्रूक ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया. इससे पहले वह अपनी दादी के निधन के कारण 2024 सीजन से भी हट गए थे. दूसरी बार नाम वापस लेने के बाद विदेशी खिलाड़ियों से जुड़े IPL के बदले हुए नियमों के तहत उन पर दो सीजन का प्रतिबंध लगा. इसी कारण वह 2026 की नीलामी में उपलब्ध नहीं थे और 2027 से उनके फिर खेलने की उम्मीद है.


शानदार फॉर्म के बीच IPL की ओर बढ़ा कदम

ब्रूक का IPL को लेकर बदला नजरिया ऐसे समय आया है जब वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. भारत के खिलाफ इंग्लैंड की 4-0 T20I सीरीज जीत में उन्होंने अहम योगदान दिया. लॉर्ड्स में चौथे मैच में ब्रूक ने सिर्फ 35 गेंदों पर 79 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने. द हंड्रेड में भी उनका बल्ला लगातार चल रहा है. सनराइजर्स लीड्स के लिए खेलते हुए उन्होंने लंदन स्पिरिट के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया. उनकी टीम ने उस मुकाबले में 2 विकेट पर 241 रन बनाए, जो टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर था. 2026 द हंड्रेड में उनका स्ट्राइक रेट 187.27 रहा है.