इंतजार खत्म, 5 महीने बाद हार्दिक की वापसी... Australia A के खिलाफ India A में मिली जगह, फिटनेस पर अटका आखिरी फैसला

फैंस के लंबे इंतजार के बाद अब हार्दिक पांड्या की टीम में वापसी हो गई है. BCCI ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इंडिया ए की वनडे टीम में जगह दी है. लेकिन उनका खेलना पूरी तरह से फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगा.

X (@mufaddal_vohra)
Meenu Singh

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए बुधवार का दिन एक खुशखबरी लेकर आया है. फैंस के लंबे इंतजार के बाद भारत के स्टार हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या की टीम में वापसी हो गई है. BCCI ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इंडिया ए की टीम का ऐलान कर दिया है जिसमें हार्दिक पांड्या का नाम शामिल है. हार्दिक का नाम स्क्वाड में देखकर फैंस काफी खुश हैं.  

पांड्या इंजरी के कारण लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर थे. तो ऐसे में उनके लिए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाली सीरीज बेहद अहम होने वाली है. भले ही हार्दिक के इंडिया ए के स्क्वाड में शामिल किया गया है लेकिन उनकी वापसी अभी पूरी तरह तय नहीं है, क्योंकि अंतिम फैसला फिटनेस पर होगा. IPL 2026 के बाद से क्रिकेट से दूर पांड्या के पास अब प्रतिस्पर्धी मैच में लय हासिल करने का मौका है.

पांच महीने बाद मैदान पर लौटने की तैयारी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हार्दिक ने आखिरी बार IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते नजर आए थे. इसके बाद चोट के कारण उनका क्रिकेट से ब्रेक लंबा होता गया. नई चोट की वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की आगामी T20 सीरीज का हिस्सा भी नहीं बन सके. अब इंडिया ए में चयन के साथ उनकी वापसी की उम्मीद जगी है. फिलहाल वह अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं और चयनकर्ता उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.


हार्दिक की फिटनेस पर टिकी निगाहें

इंडिया ए की वनडे टीम में हार्दिक का नाम जरूर है, लेकिन उनके आगे स्टार का निशान उनकी उपलब्धता को लेकर संकेत देता है. यानी मैदान पर उतरने से पहले उन्हें फिटनेस की मंजूरी हासिल करनी होगी. भारत की वनडे योजनाओं में हार्दिक की भूमिका अहम है, क्योंकि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से टीम को संतुलन देते हैं. ऑस्ट्रेलिया ए सीरीज उनके लिए खुद को परखने का अच्छा मौका होगी.

22 सितंबर से शुरू होगी सीरीज

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इंडिया ए का अभियान 22 सितंबर से शुरू होगा. पहले दो बहुदिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि तीन वनडे मैचों की सीरीज 6 अक्टूबर से शुरू होगी. सभी पांच मुकाबले पुडुचेरी में होंगे. बता दें BCCI ने वनडे टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी है, जबकि देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान बनाया है. वहीं मल्टी डे टीम की कमान देवदत्त को दी गई है और साई सुदर्शन उनके डिप्टी होंगे.

India A वन-डे टीम 

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अरशद खान, नमन धीर, हार्दिक पंड्या*, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), गुरजापनीत सिंह, यश ठाकुर