फेक पोस्ट करना आता है... शेर-ए-पंजाब लीग पर ट्रोल हुए हरभजन, तो भज्जी ने खोली पोल
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग को लेकर हरभजन सिंह सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए.
Sher-e-Punjab League: शेर-ए-पंजाब लीग 2026 को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और एक सोशल मीडिया यूजर के बीच बहस हो गई. यूजर ने लीग की तारीफ नहीं करने पर सवाल उठाया और पंजाब को बदनाम करने वाले फेक पोस्ट का आरोप लगाया. हरभजन ने भी इसका करारा जवाब दिया.
लीग कराने में पंजाब सरकार का रोल नहीं: भज्जी
हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि वह अब तक इस मुद्दे पर शांत थे लेकिन सही जानकारी देना जरूरी हो गया है. उन्होंने बताया कि शेर-ए-पंजाब लीग का यह चौथा साल है और इसे पहली बार शुरू हुई प्रतियोगिता के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. हरभजन के मुताबिक, इस टी20 लीग का आयोजन पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन करता है. उन्होंने साफ किया कि इसमें पंजाब सरकार की कोई भूमिका नहीं है. उन्होंने PCA को BCCI से जुड़ी संस्था बताते हुए कहा कि यह सरकारी संस्था नहीं है. अपने जवाब में हरभजन ने BCCI को भी टैग किया.
'सरकार अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रही' : हरभजन
हरभजन सिंह ने अपने जवाब में पंजाब सरकार पर भी निशाना साधा. उनका कहना था कि शेर-ए-पंजाब लीग को आयोजित करने का काम PCA लगातार कर रहा है लेकिन इसका श्रेय सरकार अपने काम में जोड़ रही है. उन्होंने दावा किया कि लीग में सरकार की ओर से कोई नया काम नहीं किया गया है और केवल इसे अपने काम के तौर पर गिनाया जा रहा है. इससे पहले सोशल मीडिया यूजर ने हरभजन से सवाल किया था कि जब लीग की चर्चा हो रही है, तब उन्होंने इसके बारे में कोई पोस्ट क्यों नहीं किया. इसी दौरान यूजर ने उन पर पंजाब को बदनाम करने वाले फेक ट्वीट करने का आरोप भी लगाया था.
Also Read
क्या है शेर-ए-पंजाब लीग?
शेर-ए-पंजाब लीग पंजाब की टी20 प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन करता है. इसका मकसद पंजाब से जुड़े खिलाड़ियों को टी20 क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देना है. लीग की शुरुआत 2023 में हुई थी और 2026 में इसका चौथा सीजन खेला जा रहा है. इस बार टूर्नामेंट 30 अगस्त से शुरू हुआ है और 13 सितंबर तक चलेगा. प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें फाजिल्का फाल्कन्स, अमृतसर सूरमास, बठिंडा रॉयल्स, जालंधर वॉरियर्स, लुधियाना लायंस और मोहाली किंग्स शामिल हैं.