Rakshabandhan 2026

पहले दागा शानदार गोल, फिर अचानक मैदान पर गिरा स्टार फुटबॉलर; VIDEO Viral

जमाल मुसियाला ने लीपजिग के खिलाफ वापसी करते हुए गोल किया, लेकिन कुछ देर बाद अचानक मैदान पर गिर पड़े. इस मेडिकल टीम ने जांच की और बायर्न ने उनकी स्थिति ठीक बताई है.

X (@feeee3028)
Meenu Singh

फुटबॉल के मैदान से एक डराने वाला मंजर सामने आ रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने सबको परेशानी में डाल दिया था. दरअसल बायर्न म्यूनिख के स्टार फुटबॉलर जमाल मुसियाला ने आरबी लीपजिग के खिलाफ दोस्ताना मुकाबले में वापसी को गोल से खास बनाया, लेकिन कुछ देर बाद मैदान पर गिरने से चिंता बढ़ गई.

दूसरे हाफ में उतरे मुसियाला ने 81वें मिनट में टीम के लिए गोल किया. इसके बाद वह अचानक मैदान पर गिर पड़े और मेडिकल टीम को तुरंत उनकी जांच करनी पड़ी. राहत यह रही कि वह खुद चलकर मैदान से बाहर गए और क्लब ने बाद में उन्हें ठीक बताया.

गोल के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

बायर्न म्यूनिख ने मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया. लंबे समय तक चोट से बाहर रहने के बाद लौटे मुसियाला को दूसरे हाफ में उतारा गया था. 81वें मिनट में उन्होंने गोल कर टीम की बढ़त मजबूत की. करीब 15 मिनट बाद वह अचानक मैदान पर गिर गए. इस घटना के तुरंत बाद बायर्न और लीपजिग के मेडिकल स्टाफ ने तुरंत उनकी जांच की. कुछ समय बाद मुसियाला खुद उठे और बिना मदद के सुरंग की ओर चले गए.


चक्कर आने की सामने आई बात

मुसियाला मैदान से बाहर जाते समय कुछ असहज नजर आए. उन्हें 88वें मिनट में बदल दिया गया. जर्मन मीडिया की रिपोर्टों में उनके अचानक चक्कर आने की बात सामने आई है. मुकाबले के दौरान म्यूनिख का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक था. हालांकि, बायर्न ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि घटना गर्मी, पानी की कमी या किसी दूसरी वजह से हुई. उनकी मेडिकल निगरानी जारी रहेगी.

बायर्न ने दी राहत की खबर

मुकाबले के बाद बायर्न के खेल निदेशक मैक्स एबरल ने मुसियाला की स्थिति पर अपडेट दिया. उन्होंने कहा कि सबसे अहम बात यह है कि खिलाड़ी ठीक है. क्लब के एक अन्य बोर्ड सदस्य ने भी उनके स्वस्थ होने की जानकारी दी. फिलहाल टीम की चिकित्सा इकाई उनकी स्थिति पर नजर रखेगी. आगे की जांच के बाद ही उनकी अगली मैचों में उपलब्धता को लेकर फैसला किया जाएगा.

पिछली गंभीर चोट के बाद हुई थी वापसी

मुसियाला के अचानक गिरने की घटना ने उनकी पिछली चोट की याद भी ताजा कर दी. क्लब विश्व कप में पेरिस सेंट जर्मेन के खिलाफ मुकाबले के दौरान उनके पैर में गंभीर चोट लगी थी और फिबुला में फ्रैक्चर हुआ था. इसके चलते वह कई महीनों तक मैदान से दूर रहे. 2026 की शुरुआत में उन्होंने वापसी की थी. हालिया फीफा विश्व कप में भी वह जर्मनी की टीम का हिस्सा रहे.