FIFA World Cup 2026: साफ हुई आखिरी 16 टीमों की तस्वीर, जानें कब और किससे भिड़ेंगी अर्जेंटीना, ब्राजील और फ्रांस; देखें पूरी लिस्ट

FIFA World Cup 2026 के राउंड ऑफ 16 की सभी टीमें तय हो गई हैं. यहां जानिए की कौन-सी टीम कब, किसके सामने अपना दमखम दिखाएगी.

AI
Ashutosh Rai

FIFA World Cup 2026 का रोमांच अब और बढ़ गया है. राउंड ऑफ 32 के मुकाबलों के बाद अब अंतिम 16 टीमों की तस्वीर साफ हो चुकी है. कई बड़े उलटफेर देखने को मिले. वहीं कई दिग्गज टीमों ने शानदार जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाकर खिताब की दौड़ को और दिलचस्प बना दिया.

राउंड ऑफ 16 में पहुंचीं टीमें

राउंड ऑफ 32 के मुकाबलों के बाद अब टूर्नामेंट में सिर्फ 16 टीमें बची हैं. कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर शुरुआत की, ब्राजील ने जापान को 2-1 से मात दी. पराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को बाहर कर सबसे बड़ा उलटफेर किया. मोरक्को ने भी नीदरलैंड को पेनल्टी में हराकर सभी को चौंका दिया. फ्रांस, इंग्लैंड, बेल्जियम, स्पेन, पुर्तगाल, अर्जेंटीना, स्विट्जरलैंड, मिस्र, अमेरिका, मेक्सिको, नॉर्वे और कोलंबिया ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई. डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को केप वर्डे के खिलाफ अतिरिक्त समय तक संघर्ष करना पड़ा. वहीं कोलंबिया ने घाना को हराकर आखिरी स्थान अपने नाम किया.

इन मुकाबलों पर रहेगी पूरी दुनिया की नजर

राउंड ऑफ 16 में कई बड़े मुकाबले फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास रहने वाले हैं. मेक्सिको और इंग्लैंड की भिड़ंत सबसे चर्चित मुकाबलों में गिनी जा रही है. पुर्तगाल और स्पेन के बीच होने वाला मुकाबला भी बेहद रोमांचक माना जा रहा है, जहां दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगी. ब्राजील का सामना नॉर्वे से होगा, जहां दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र रहेंगे. दूसरी ओर अर्जेंटीना और मिस्र के बीच मुकाबले पर भी सभी की नजरें रहेंगी. मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना अपने अभियान को मजबूत करना चाहेगी. वहां मिस्र एक और बड़ा उलटफेर करने की कोशिश करेगा.


अब हर मैच बनेगा फाइनल जैसा

राउंड ऑफ 16 के बाद टूर्नामेंट पूरी तरह नॉकआउट चरण में प्रवेश कर चुका है. अब हारने वाली टीम सीधे प्रतियोगिता से बाहर हो जाएगी और जीतने वाली टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी. अगर निर्धारित 90 मिनट में मुकाबला बराबरी पर रहता है तो अतिरिक्त समय खेला जाएगा. इसके बाद भी फैसला नहीं होने पर पेनल्टी शूटआउट के जरिए विजेता तय किया जाएगा. इस बार 48 टीमों वाले नए फॉर्मेट ने टूर्नामेंट को और रोमांचक बना दिया है. छोटे देशों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे बड़े देशों के सामने चुनौती और कठिन हो गई है.

राउंड ऑफ 16 का पूरा शेड्यूल (तारीख और समय IST में)

मैच की तारीख समय (IST)

  • कनाडा बनाम मोरक्को 4 जुलाई रात 10:30 बजे
  • पैराग्वे बनाम फ्रांस 5 जुलाई सुबह 2:30 बजे
  • ब्राज़ील बनाम नॉर्वे 6 जुलाई सुबह 1:30 बजे
  • मेक्सिको बनाम इंग्लैंड 6 जुलाई सुबह 5:30 बजे
  • पुर्तगाल बनाम स्पेन 7 जुलाई सुबह 12:30 बजे
  • USA बनाम बेल्जियम 7 जुलाई सुबह 5:30 बजे
  • अर्जेंटीना बनाम मिस्र 7 जुलाई रात 9:30 बजे
  • स्विट्जरलैंड बनाम कोलंबिया 8 जुलाई सुबह 1:30 बजे