ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच चल रहे टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच का आगाज शनिवार को हो चुका है. टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी चुनी और मिचेल स्टार्क ने इस फैसले को तुरंत सही साबित कर दिया. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर बांग्लादेशी बल्लेबाजी पर दबाव बना दिया. इसके बाद स्टार्क बांग्लादेशी बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे. उन्होंने लगातार विकेट चटकाते हुए महज 22 गेंदों में पांच शिकार पूरे कर लिए.
स्टार्क ने पारी की पहली गेंद पर शादमान इस्लाम को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया. इसके बाद तंजीद हसन तमीम भी शून्य पर आउट हुए. मोमिनुल हक 9 रन बनाकर स्टार्क का तीसरा शिकार बने, जबकि कप्तान नजमुल हुसैन शांतो और लिटन दास भी खाता नहीं खोल सके. इस तरह बांग्लादेश के शुरुआती पांच विकेट अकेले स्टार्क ने झटके.
स्टार्क ने केवल 3.4 ओवर में महज 4 रन खर्च कर पांच विकेट पूरे किए. उनका 22 गेंदों में आया ये पांच विकेट हॉल टेस्ट क्रिकेट के सबसे तेज पांच विकेट हॉल में छठे स्थान पर रहा. उनका अपना रिकॉर्ड इससे भी तेज है, जब उन्होंने 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में पांच विकेट लिए थे. मैके की उछाल और गेंद की हरकत ने स्टार्क को काफी मदद दी.
22 balls, five wickets, one Mitchell Starc #AUSvBAN
Catch up on a stunning start: https://t.co/drrfqp5tb0 pic.twitter.com/JLTQq5EZO9— cricket.com.au (@cricketcomau) August 22, 2026Also Read
इस शानदार प्रदर्शन के साथ स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज डेल स्टेन को पीछे छोड़ दिया. स्टेन ने 93 टेस्ट में 439 विकेट लिए थे. स्टार्क ने अपने पांच विकेट के साथ उनसे आगे निकलकर सूची में 10वां स्थान हासिल किया. यह उपलब्धि उनके लंबे टेस्ट करियर में एक और बड़ी उपलब्धि बन गई.
स्टार्क के तूफानी स्पेल के बाद कप्तान पैट कमिंस ने भी बांग्लादेश को संभलने का मौका नहीं दिया. उन्होंने मुशफिकुर रहीम को शानदार गेंद पर बोल्ड किया. बांग्लादेश की स्थिति इतनी खराब रही कि लंच तक उसका स्कोर 35 रन पर छह विकेट था. बाद में टीम की पूरी पारी सिर्फ 64 रन पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों ने मैके की परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया.