Asian Games 2026

ईशा सिंह ने मनु भाकर को हराकर जीता ISSF वर्ल्ड कप गोल्ड, भारत को मिला डबल मेडल

हांगझोऊ में ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ईशा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को हराकर इतिहास रचा. 

X
Ashutosh Rai

भारत की युवा शूटर ईशा सिंह ने ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीत लिया. फाइनल में उन्होंने मनु भाकर को पीछे छोड़कर खिताब अपने नाम किया. वहीं मनु ने ब्रॉन्ज जीतकर भारत की सफलता को और खास बना दिया.

ईशा ने फाइनल में दिखाई शानदार पकड़

हांगझोऊ में खेले गए ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप में भारत की 21 वर्षीय ईशा सिंह ने पूरे मुकाबले में शानदार संयम दिखाया. महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में उन्होंने 40 हिट्स के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया. यह जीत उनके शानदार सीजन की एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. ईशा ने कुछ ही सप्ताह पहले म्यूनिख वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड बनाकर सबका ध्यान खींचा था और अब उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है. वहीं मनु भाकर ने कठिन मुकाबले में वापसी करते हुए 28 हिट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता और भारत को इस स्पर्धा में दो पदक दिलाए.


दोनों खिलाड़ियों ने आगे की तैयारियों पर जताया भरोसा

जीत के बाद ईशा सिंह ने कहा कि पिछले शानदार प्रदर्शन के कारण इस बार उन पर काफी उम्मीदें थीं लेकिन उन्होंने दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने यह भी कहा कि हांगझोऊ की रेंज से पहले से परिचित होने का उन्हें फायदा मिला. वहीं मनु भाकर ने माना कि भले ही गोल्ड नहीं मिला लेकिन यह मुकाबला उनके लिए सीखने वाला रहा. उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े फाइनल भविष्य की वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं की तैयारी में काफी मदद करते हैं.