ENG VS DR CONGO: हैरी केन के जादुई गोल से जीता इंग्लैंड, पेले को पीछे छोड़ वर्ल्ड कप इतिहास में रचा नया इतिहास
हैरी केन के दो शानदार गोलों की बदौलत इंग्लैंड ने डीआर कांगो को 2-1 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई.
FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने मुश्किल मुकाबले में डीआर कांगो को 2-1 से हराकर अगले दौर का टिकट हासिल कर लिया. कप्तान हैरी केन ने दबाव के समय दो गोल दागे और अपनी टीम को हार से बचा लिया. इस मैच में उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
हैरी केन ने बदला मैच का पूरा रंग
मुकाबले की शुरुआत इंग्लैंड के लिए अच्छी नहीं रही। सातवें मिनट में ब्रायन सिपेंगा ने डीआर कांगो को बढ़त दिलाकर इंग्लैंड को चौंका दिया. इसके बाद इंग्लैंड लगातार गोल करने की कोशिश करता रहा लेकिन विरोधी गोलकीपर लियोनेल मपासी ने कई शानदार बचाव किए. दूसरे हाफ में कप्तान हैरी केन ने टीम की जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने 75वें मिनट में बराबरी का गोल किया और फिर 86वें मिनट में बॉक्स के बाहर से ऐसा दमदार शॉट लगाया जिसे कोई नहीं रोक सका. इस गोल ने इंग्लैंड को 2-1 की यादगार जीत दिलाई और टीम को राउंड ऑफ 16 में पहुंचा दिया.
पेले का रिकॉर्ड टूटा
इस मुकाबले में दो गोल करने के साथ हैरी केन ने वर्ल्ड कप में अपने कुल गोलों की संख्या 13 पहुंचा दी. इसके साथ ही उन्होंने ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले के 12 वर्ल्ड कप गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. डीआर कांगो के मुख्य कोच सेबेस्टियन डेसाब्रे ने मैच के बाद कहा कि इंग्लैंड को बचाने के लिए दुनिया के सबसे बेहतरीन स्ट्राइकर की जरूरत पड़ी और हैरी केन ने वही काम किया. उन्होंने अपनी टीम की भी तारीफ करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने मजबूत टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और पूरे टूर्नामेंट में अच्छी छाप छोड़ी.
Also Read
- 'सूर्यवंशी तो उनकी पैंट उतार देता...', 15 साल के वैभव को बाहर करने पर बुरी तरह भड़के रवि शास्त्री, टीम इंडिया को लगाई लताड़
- FIFA World Cup 2026 Golden Boot Race: 'डिक्टेटर' एमबाप्पे-फुटबॉल के 'भगवान' मेसी में छिड़ी सोने के जूते की जंग, कौन मारेगा बाजी?
- नॉकआउट मुकाबले में टीम को जीत दिलाकर फोलारिन बालोगुन ने रचा इतिहास, इस दुर्लभ सूची में शामिल होने वाले अमेरिका के पहले खिलाड़ी बने
अब मैक्सिको से होगी इंग्लैंड की टक्कर
जीत के बाद हैरी केन ने कहा कि टीम ने कभी हार नहीं मानी और आखिर तक लड़ने का फायदा मिला. उन्होंने माना कि डीआर कांगो ने कड़ी चुनौती दी लेकिन सही समय पर मिले मौके का उन्होंने पूरा फायदा उठाया. अब इंग्लैंड का सामना राउंड ऑफ 16 में सह-मेजबान मैक्सिको से होगा. केन इस वर्ल्ड कप में पांच गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में भी मजबूत दावेदार बने हुए हैं.