IND vs ENG: भारतीय फैंस के लिए ECB का खास तोहफा, बदला भारत-इंग्लैंड T20 सीरीज का समय

ECB ने भारत-इंग्लैंड T20 सीरीज के कार्यक्रम में अहम बदलाव किया है. इस फैसले से भारतीय दर्शकों को मैच देखने में पहले की तुलना में ज्यादा आसानी होगी और टीवी प्रसारण को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: क्रिकेट फैंस के लिए जुलाई का महीना बेहद अहम होने वाला है, क्योंकि इस महीने भारतीय टीम टी20 और वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर होगी. ये सीरीज 1 जुलाई से 19 जुलाई के बीच होगी. लेकिन इस सीरीज से पहले अब इससे जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. क्योंकि, फैंस महाभिड़ंत के लिए बेहद उत्साहित हैं इस कारण उन करोड़ों फैंस को ध्यान में रखते हुए इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एक अहम फैसला लिया है.

दरअसल बोर्ड ने भारत-इंग्लैंड T20 सीरीज के कार्यक्रम में अहम बदलाव किया है. इस फैसले से भारतीय दर्शकों को मैच देखने में पहले की तुलना में ज्यादा आसानी होगी और टीवी प्रसारण को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.

बता दें भारतीय टीम जून के अंत में ब्रिटेन दौरे की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज से करेगी. इसके बाद टीम इंग्लैंड पहुंचेगी, जहां उसे पांच T20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैचों की श्रृंखला खेलनी है. 

T20 मैचों के समय में बदलाव

भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई से 11 जुलाई तक पांच टी20 मुकाबले खेले जाएंगे. इनमें से तीन मैच पहले स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होने वाले थे. लेकिन अब इन मुकाबलों को एक घंटा पहले, यानी शाम 5:30 बजे शुरू कराने का फैसला लिया गया है.

मतलब ये मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे की जगह रात 10 बजे शुरू होंगे. बताया जा रहा है कि यह बदलाव प्रसारण भागीदारों के साथ चर्चा के बाद किया गया है. 

भारतीय दर्शकों पर ECB की नजर

क्रिकेट जगत में भारत सबसे बड़ा बाजार माना जाता है और भारतीय टीम की विदेशी सीरीज को दुनियाभर में भारी दर्शक संख्या मिलती है. ऐसे में मैचों का समय बदलने का फैसला भारतीय दर्शकों की सुविधा और व्यूअरशिप को ध्यान में रखकर लिया गया है. 

टिकटों की जबरदस्त मांग

IND vs ENG वनडे सीरीज को लेकर दर्शकों का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वनडे मुकाबलों के सभी टिकट पहले ही बिक चुके हैं, जबकि T20 मैचों के लिए भी सीमित टिकट ही उपलब्ध हैं. इससे इस हाई-प्रोफाइल सीरीज की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है.