दलीप ट्रॉफी चैंपियन बना ईस्ट जोन, इन 5 खिलाड़ियों ने लिखी खिताबी जीत की कहानी

दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता. कप्तान ईशान किशन, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, वैभव सूर्यवंशी और अभिजीत सरकार टीम की जीत के पांच बड़े सितारे रहे.

X
Ashutosh Rai

Duleep Trophy 2026: ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन को पहली पारी की बड़ी बढ़त के आधार पर हराकर ट्रॉफी अपने नाम की. टीम के इस सफर में कई खिलाड़ियों ने अहम योगदान दिया लेकिन पांच खिलाड़ी लगातार चर्चा में रहे. इनका प्रदर्शन बल्लेबाजी, गेंदबाजी और टीम को संभालने में खास रहा.

ईशान किशन ने संभाली कमान

कप्तान ईशान किशन ने पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और विकेटकीपिंग दोनों से टीम को मजबूत बनाया. पांच पारियों में 409 रन बनाकर वह ईस्ट जोन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. दबाव के समय बड़ी पारी खेलने और तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता ने टीम को कई बार फायदा पहुंचाया. कप्तानी में भी ईशान ने सही फैसले लेकर टीम को खिताब तक पहुंचाया.

मुकेश कुमार और कुमार कुशाग्र बने मजबूत कड़ी

गेंदबाजी में मुकेश कुमार ईस्ट जोन के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रहे. उन्होंने पूरी प्रतियोगिता में 12 विकेट लिए और अपनी स्विंग व सटीक गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया. दूसरी ओर कुमार कुशाग्र ने मध्यक्रम को मजबूती दी. उन्होंने 212 रन बनाए और मुश्किल समय में टिककर बल्लेबाजी करते हुए अहम साझेदारियां की. उनकी तकनीक और धैर्य ने टीम के बड़े स्कोर बनाने में मदद की.


वैभव सूर्यवंशी और अभिजीत सरकार का अहम योगदान

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपने बेखौफ अंदाज से टूर्नामेंट में 192 रन बनाए. उनकी तेज बल्लेबाजी ने ईस्ट जोन को कई बार अच्छी शुरुआत दी. वहीं अभिजीत सरकार ने गेंद से अहम मौकों पर विकेट निकाले. साझेदारी टूटने की जरूरत हो या रन रोकने की बात, उन्होंने सटीक गेंदबाजी से कप्तान का भरोसा कायम रखा. इन पांचों के योगदान ने ईस्ट जोन को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई.