Duleep Trophy 2026: ट्रॉफी जीतते ही स्टंप लेकर थिरके ईशान-वैभव, VIDEO ने मचाई धूम
दलीप ट्रॉफी 2026 जीतने के बाद ईस्ट जोन के खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया. ईशान किशन और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का स्टंप लेकर डांस सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन पहली पारी की बड़ी बढ़त ने ईस्ट जोन को लंबे इंतजार के बाद चैंपियन बना दिया. टीम को खिताब मिलते ही खिलाड़ियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. ईशान किशन और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने हाथ में स्टंप लेकर टीम के साथ डांस करना शुरु कर दिया. 13 साल बाद ट्रॉफी जीतने वाली ईस्ट जोन की टीम का यह जश्न अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है.
स्टंप लेकर नाचे ईशान और वैभव
फाइनल में जीत तय होते ही ईस्ट जोन के खिलाड़ी स्टंप हाथ में लेकर मैदान पर उतर आए. कप्तान ईशान किशन और उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी भी इस जश्न में शामिल हुए. दोनों ने टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ डांस किया. उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. फैन्स को दोनों का यह अंदाज काफी पसंद आ रहा है.
Also Read
ईशान ने बल्ले से भी मचाया धमाल
ईशान किशन ने फाइनल में बल्ले से भी टीम को मजबूत आधार दिया. पहली पारी में उन्होंने 334 गेंदों पर 270 रन बनाए. दूसरी पारी में भी ईशान ने 80 रन की पारी खेली. पूरे फाइनल में उनके बल्ले से कुल 350 रन निकले. टूर्नामेंट में वह 409 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और फाइनल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए.
ईस्ट जोन ने ऐसे जीता खिताब
ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन बनाए, जिसमें ईशान के 270 और कुमार कुशाग्र के 101 रन शामिल थे. जवाब में साउथ जोन 336 रन ही बना सका. तिलक वर्मा ने 99 रन बनाए. ईस्ट जोन को 372 रन की बढ़त मिली. दूसरी पारी में टीम ने 388/7 का स्कोर बनाया. मैच ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी की बढ़त से ईस्ट जोन चैंपियन बना.
वैभव भी पूरे टूर्नामेंट में छाए रहे
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने टूर्नामेंट में 192 रन बनाए. फाइनल में उन्होंने 37 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली. बल्लेबाजी के दौरान उनकी तिलक वर्मा से नोंकझोंक भी चर्चा में रही, जबकि सही समय पर DRS लेने के फैसलों ने भी सुर्खियां बटोरीं. दूसरी ओर तिलक को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. उन्होंने तीन पारियों में 266 रन बनाए.