Duleep Trophy: ईशान भैया को नहीं पता था मैं... दलीप ट्रॉफी में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का धमाल

दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की बड़ी जीत में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले के बजाय गेंद से असर दिखाया.

X
Ashutosh Rai

ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से हराकर दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बनाई. मैच में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी बल्ले से सिर्फ 8 रन बना सके लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. वैभव ने तीन ओवर में 11 रन देकर दो विकेट लिए.

ईशान किशन ने दिया वैभव को गेंदबाजी का मौका

नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ जब ईस्ट जोन को विकेट निकालने में परेशानी हो रही थी, तब कप्तान ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी को गेंद थमाई. यह फैसला थोड़ा जोखिम भरा माना जा रहा था लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर ने तुरंत असर दिखाया. वैभव ने केवल तीन ओवर में 11 रन देकर दो विकेट लिए. मैच के बाद उन्होंने बताया कि ईशान को शायद नहीं पता था कि वह विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने कहा कि विकेट नहीं गिर रहे थे, इसलिए उन्हें कुछ ओवर डालने का मौका मिला.

बल्ले से नहीं चला कमाल

वैभव ने बताया कि उन्हें पता था कि ज्यादा विकेट मिलने के बावजूद शायद तीन ओवर ही गेंदबाजी करनी होगी. इसलिए उन्होंने सिर्फ लाइन और लेंथ पर ध्यान दिया. बल्लेबाजी में वह छह गेंदों पर आठ रन ही बना सके लेकिन गेंद से उन्होंने इसकी भरपाई कर दी. उनकी गेंदबाजी से नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी में स्कोर 75/5 से 79/7 हो गया। उन्होंने किशन लिंगदोह और इमलीवती लेमतुर को आउट किया.


467 रन के जवाब में 111 पर ढेर हुई टीम

ईस्ट जोन ने पहली पारी में 467 रन का बड़ा स्कोर बनाया था. जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई और उसे फॉलोऑन खेलना पड़ा. इसके बाद ईस्ट जोन ने मुकाबला पारी और 210 रन से अपने नाम किया. इस जीत के साथ टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है. अब वैभव सूर्यवंशी पर एक बार फिर नजरें रहेंगी. उनका अगला मुकाबला रविवार को बेंगलुरु में सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में होगा.