menu-icon
India Daily

कोहली पर भारी पड़े बुमराह, धोनी को हराकर सहवाग निकले आगे; अश्विन के गेम में कौन बना GOAT?

रविचंद्रन अश्विन ने एक मजेदार ब्रैकेट गेम में सचिन तेंदुलकर को भारत का सबसे महान क्रिकेटर चुना.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
कोहली पर भारी पड़े बुमराह, धोनी को हराकर सहवाग निकले आगे; अश्विन के गेम में कौन बना GOAT?
Courtesy: X

भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों में अपनी पसंद बताई. एक ब्रैकेट गेम में उन्हें हर राउंड में दो खिलाड़ियों में से एक चुनना था. इस दौरान उन्होंने विराट कोहली, एमएस धोनी और जसप्रीत बुमराह को लेकर ऐसे फैसले किए, जिनकी खूब चर्चा हुई.

कोहली पर भारी पड़े बुमराह

क्वार्टर फाइनल में अश्विन के सामने विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह में से किसी एक को चुनने का सवाल आया. उन्होंने कोहली के शानदार रिकॉर्ड और टेस्ट करियर को माना लेकिन बुमराह को आगे बढ़ाया. इसके बाद धोनी और रवींद्र जडेजा की जोड़ी में उन्होंने धोनी को चुना. हालांकि अगले मुकाबले में सहवाग ने धोनी को पीछे छोड़ दिया. शुरुआती दौर में अश्विन ने सचिन को विजय हजारे, कोहली को रोहित शर्मा और बुमराह को अनिल कुंबले के ऊपर चुना. खुद का मुकाबला गांगुली से आने पर उन्होंने गांगुली को आगे कर दिया.

सेमीफाइनल में बुमराह को कपिल देव ने रोका

अश्विन के इस खेल में मुकाबले जैसे-जैसे आगे बढ़े, फैसले और मुश्किल होते गए. सेमीफाइनल में सचिन तेंदुलकर ने वीरेंद्र सहवाग को हराकर फाइनल में जगह बनाई. दूसरी ओर जसप्रीत बुमराह का सामना कपिल देव से हुआ. यहां अश्विन ने कपिल को चुना. उनके मुताबिक 1983 विश्व कप जिताने वाली कपिल की कप्तानी और एक शानदार ऑलराउंडर के रूप में उनका योगदान बुमराह के बेहतरीन प्रदर्शन पर भारी पड़ा. इस तरह बुमराह, जिन्होंने कोहली और कुंबले को पीछे छोड़ा था, खिताबी मुकाबले से पहले ही बाहर हो गए.

फाइनल में सचिन ने कपिल देव को पछाड़ा

आखिरी मुकाबला सचिन तेंदुलकर और कपिल देव के बीच हुआ. दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट में अपने-अपने दौर में बड़ा योगदान दिया और टीम की पहचान बदलने में अहम भूमिका निभाई. फिर भी अश्विन के लिए विजेता चुनना ज्यादा मुश्किल नहीं रहा. उन्होंने अपनी व्यक्तिगत पसंद को महत्व देते हुए सचिन तेंदुलकर को भारत का सर्वकालिक महान क्रिकेटर चुना. इस तरह अश्विन के ब्रैकेट में सचिन सबसे ऊपर रहे. वहीं बुमराह ने कोहली को हराकर चौंकाया और सहवाग ने धोनी को पछाड़कर अपनी जगह बनाई.