menu-icon
India Daily

सोचा था दो साल और टीम को लीड करूंगा... T20I कप्तानी से हटाए जाने पर सूर्यकुमार यादव ने तोड़ी चुप्पी

सूर्यकुमार यादव ने T20I कप्तानी से हटाए जाने पर कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि वह दो साल और टीम की कप्तानी करेंगे.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
सोचा था दो साल और टीम को लीड करूंगा... T20I कप्तानी से हटाए जाने पर सूर्यकुमार यादव ने तोड़ी चुप्पी
Courtesy: X

सूर्यकुमार यादव ने पहली बार खुलकर बताया कि भारत की T20I कप्तानी से हटना उनके लिए कितना अप्रत्याशित था. उनकी कप्तानी में भारत ने कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं गंवाई और एशिया कप और T20 विश्व कप जीता. अब श्रेयस अय्यर को कप्तानी मिलने के बाद 'SKY' टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं.

दो साल और कप्तानी की उम्मीद थी

सूर्यकुमार ने बताया कि उन्हें लगा था कि वह अगले दो साल तक भारतीय T20 टीम की कमान संभालेंगे. उनका लक्ष्य अगले T20 विश्व कप और लॉस एंजिल्स ओलंपिक तक टीम को आगे ले जाना था. हालांकि, BCCI के फैसले ने उनकी योजना बदल दी. चयनकर्ताओं ने टीम घोषित होने से दो-तीन दिन पहले उन्हें फोन कर बदलाव की जानकारी दी. सूर्यकुमार ने कहा कि उन्होंने नाराजगी नहीं दिखाई, उनका मानना था कि चयनकर्ताओं ने टीम के हित में फैसला लिया होगा.

विश्व कप जीतने के बाद भी फैसला समझना मुश्किल

सूर्यकुमार ने माना कि विश्व कप जीतने के तुरंत बाद कप्तानी जाना उनके लिए आसान नहीं था. उन्होंने सोचा कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है. 2025 में उनकी बल्लेबाजी भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और 21 मैचों में उन्होंने 13.62 की औसत से 218 रन बनाए. इसके बावजूद उन्होंने कप्तानी के दौरान टीम के शानदार प्रदर्शन को याद किया. सूर्यकुमार ने कहा कि निजी तौर पर निराशा होना स्वाभाविक है लेकिन फैसले को स्वीकार करना भी जरूरी है.

वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं 'SKY'

कप्तानी जाने के बावजूद सूर्यकुमार का ध्यान अब क्रिकेट पर है. उन्होंने साफ कहा कि वह किसी भी समय टीम के लिए खेलने को तैयार हैं. उनका मानना है कि अगर नई कप्तानी में टीम अच्छा प्रदर्शन करती है तो इसमें कोई परेशानी नहीं है. वह फिटनेस पर भी मेहनत कर रहे हैं और भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद लगाए हैं. सूर्यकुमार ने अपने शांत रवैये को बनाए रखते हुए कहा कि जब भी टीम को उनकी जरूरत महसूस होगी, वह मैदान पर उतरने के लिए तैयार रहेंगे.