आईपीएल 2026 में सोमवार को धर्मशाला का मैदान एक रोमांचक मुकाबले खेला गया. दिल्ली कैपिटल्स ने हाई स्कोरिंग मैच के आखिरी ओवर में पंजाब किंग्स को 3 विकेट से मात दी. पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था. दिल्ली के बल्लेबाजों ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए इस लक्ष्य को हासिल कर लिया. इस हार के साथ पंजाब किंग्स की लगातार चौथी शिकस्त दर्ज हुई. वहीं दिल्ली ने प्लेऑफ की दौड़ में खुद को बनाए रखा है.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने तेज शुरुआत की. युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने आते ही अपने अंदाज में दिल्ली के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया. उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया. प्रभसिमरन सिंह ने भी तेजी से रन बटोरे और दोनों ने शुरुआती ओवरों में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. सातवें ओवर में प्रभसिमरन के आउट होने से साझेदारी टूटी लेकिन पंजाब की रनगति नहीं रुकी. इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली और अंत तक टिके रहे.
पंजाब को दूसरा झटका प्रियांश आर्य के रूप में लगा. प्रियांश ने 56 रन की शानदार पारी खेली. इसके बाद श्रेयस अय्यर और कूपर कोनली ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन जोड़े. अय्यर ने कप्तानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 59 रन बनाए. उन्होंने आखिरी ओवरों में बड़े शॉट लगाकर टीम को 210 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही. अभिषेक पोरेल और केएल राहुल जल्दी पवेलियन लौट गए. साहिल पराख और ट्रिस्टन स्टब्स भी बड़ी पारी नहीं खेल सके. शुरुआती विकेट गिरने के बाद मैच पंजाब की पकड़ में दिख रहा था. कप्तान अक्षर पटेल ने टीम का मोर्चा संभाला. उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में 56 रन की विस्फोटक पारी खेली. अक्षर ने बड़े शॉट्स के साथ पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और मैच को दोबारा दिल्ली की ओर मोड़ दिया.
अक्षर पटेल के आउट होने के बाद डेविड मिलर ने जिम्मेदारी उठाई. उन्होंने 28 गेंदों में 51 रन बनाकर दिल्ली को मुकाबले में बनाए रखा. आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी और आकिब ने तेजी से रन जुटाए. आकिब ने सिर्फ दो गेंदों में 10 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया. दिल्ली ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और टीम के डगआउट में जश्न शुरू हो गया.