'शायद आखिरी साल...' 41 की उम्र में रोनाल्डो का बड़ा ऐलान! इस साल कह सकते हैं फुटबॉल को अलविदा
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के फैंस के लिए एक बुरी खबर आ रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि ये फुटबॉल सीजन उनके करियर का आखिरी हो सकता है. उन्होंने खुद इस बात के संकेत दिए, जिसके बाद से फैंस में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है.
फुटबॉल जगत के जाने माने दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो जिन्हें देखकर कई जनरेशन के बच्चे बड़े हुए हैं अब वह बहुत ही जल्द अपने करियर का समापन कर सकते हैं. क्रिस्टियानो रोनाल्डो के शानदार फुटबॉल करियर के अंत को लेकर पहली बार तस्वीर काफी साफ होती दिख रही है. सऊदी अरब के अल-नस्र से जुड़े 41 वर्षीय रोनाल्डो ने कहा है कि शायद यह मैदान पर उनका आखिरी साल होगा. पांच बार बैलोन डी'ओर जीत चुके रोनाल्डो ने हाल ही में अपने भविष्य और परिवार को लेकर खुलकर बात की. उनके बयान ने करोड़ों फैंस के बीच उनके संन्यास की चर्चा फिर तेज कर दी है.
आखिरी सीजन का दिया संकेत
रोनाल्डो ने एक इंटरव्यू में अपने करियर को लेकर बड़ा अपडेट दिया. उन्होंने कहा कि, 'शायद यह फुटबॉल के क्षेत्र में मेरा आखिरी साल है, और मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं.' इससे पहले भी वह खेल से विदाई के करीब पहुंचने की बात कह चुके हैं. पिछले नवंबर में उन्होंने अगले एक या दो साल तक खेलने की उम्मीद जताई थी.
विश्व कप के बाद भी नहीं बताया फैसला
रोनाल्डो ने पहले ही संकेत दिया था कि 2026 विश्व कप उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी विश्व कप होगा. टूर्नामेंट में पुर्तगाल के बाहर होने के बाद भी उन्होंने पेशेवर फुटबॉल से संन्यास की तारीख बताने से इनकार किया था. अब उनके ताजा बयान से माना जा रहा है कि क्लब फुटबॉल में भी उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं बचा है.
Also Read
परिवार के साथ जिंदगी की तैयारी
रोनाल्डो ने बताया कि उन्होंने फुटबॉल के बाद की लाइफ के लिए प्लानिंग करनी शुरू कर दी है. वह परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं और यात्रा समेत अपनी पसंद की गतिविधियों का आनंद लेना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि लंबे खेल करियर के बाद जीवन में खालीपन आ सकता है, इसलिए समय को कई अलग-अलग कामों से भरना जरूरी होगा. हाल ही में उन्होंने जॉर्जीना रोड्रिगेज से शादी की है.
25 साल के करियर का शानदार सफर
रोनाल्डो ने स्पोर्टिंग सीपी से वरिष्ठ करियर शुरू किया और मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड तथा जुवेंटस जैसे क्लबों के लिए खेले. जनवरी 2023 से वह अल-नस्र का हिस्सा हैं. रियल मैड्रिड में उनका सबसे शानदार दौर रहा, जहां उन्होंने 438 मैचों में क्लब रिकॉर्ड 450 गोल किए. 2026 विश्व कप में भी उन्होंने तीन गोल किए और पुर्तगाल को अंतिम 16 तक पहुंचाने में योगदान दिया.