बिना एक भी गेंद खेले एशियन गेम्स से बाहर हुई चीन की महिला टीम, इस नियम ने बदल दिया पूरा खेल!
एशियाई खेलों में चीन की महिला क्रिकेट टीम बिना एक भी गेंद खेले बाहर हो गई.
एशियाई खेलों में चीन की महिला क्रिकेट टीम के साथ ऐसा हुआ, जिसकी शायद किसी ने कल्पना नहीं की थी. टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश और खराब मौसम के कारण शुरू ही नहीं हो सका. एक भी गेंद नहीं फेंकी गई लेकिन नियम के कारण चीन का टूर्नामेंट सफर वहीं समाप्त हो गया.
खराब मौसम के चलते रद्द हुआ चीन-बांग्लादेश मुकाबला
निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में चीन और बांग्लादेश के बीच महिला T20I का पहला क्वार्टर फाइनल खेला जाना था. हालांकि खराब मौसम के कारण मुकाबला शुरू नहीं हो सका और बिना गेंद खेले ही रद्द करना पड़ा. चीन 2010 के बाद तीसरी बार एशियाई खेलों में क्रिकेट खेल रहा था, इसलिए टीम के लिए यह बेहद निराशाजनक अंत रहा. मैदान पर उतरने और अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका भी नहीं मिला. दूसरी ओर, बांग्लादेश को बिना खेले ही अगले दौर में जाने का फायदा मिला.
बांग्लादेश ने चीन से कैसे बनाई सेमीफाइनल में जगह?
एशियाई खेलों के क्रिकेट नियमों में मैच रद्द होने की स्थिति के लिए साफ व्यवस्था है. नियम 16.10.2 (B) के मुताबिक ऐसे मामले में बेहतर रैंकिंग वाली टीम अगले दौर में पहुंचती है. इसी नियम के चलते निगार सुल्ताना की कप्तानी वाली बांग्लादेश टीम को सेमीफाइनल में जगह मिल गई. चीन का क्रिकेट अभियान यहीं खत्म हो गया, उसकी पुरुष टीम एशियाई खेलों के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई. गुरुवार को इसी मैदान पर पाकिस्तान और थाईलैंड के बीच दूसरा क्वार्टर फाइनल खेला जाना है.
Also Read
- हमारी राहें अलग हैं... सिर्फ छह महीने में पृथ्वी शॉ को छोड़कर गईं मंगेतर आकृति अग्रवाल, इंस्टाग्राम पर किया रिश्ता खत्म करने का ऐलान
- एशियन गेम्स 2026: इन 10 भारतीय खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजरें, गोल्ड की बड़ी उम्मीद!
- IND vs AFG: सीरीज जीती, अब आखिरी मैच में बदलेगी टीम इंडिया की तस्वीर! वैभव सूर्यवंशी पर टिकी नजर
सेमीफाइनल में भारत-बांग्लादेश की हो सकती है भिड़ंत
यह नियम 2023 के एशियाई खेलों में भी लागू हुआ था. उस दौरान भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश से जुड़े चार क्वार्टर फाइनल में से तीन मुकाबले बारिश के कारण रद्द हुए थे. इस बार भी सभी मुकाबले एक ही स्थान पर खेले जा रहे हैं, इसलिए मौसम की भूमिका अहम रह सकती है. भारत शुक्रवार को अपने क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान का सामना करेगा. दोनों सेमीफाइनल 20 सितंबर को होंगे, जबकि गोल्ड मेडल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा. भारतीय पुरुष टीम 28 सितंबर से सीधे क्वार्टर फाइनल में अभियान शुरू करेगी.