IPL 2026

IPL 2026 से बाहर हुई चेन्नई सुपर किंग्स, शुभमन गिल की गुजरात ने तोड़ा घमंड

गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से हराकर IPL 2026 से बाहर कर दिया. साई सुदर्शन और शुभमन गिल की शानदार बल्लेबाजी के बाद गुजरात के गेंदबाजों ने चेन्नई की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखेर दी.

X
Ashutosh Rai

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का सफर आखिरकार खत्म हो गया. गुरुवार को खेले गए अहम मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सीएसके को एकतरफा अंदाज में 89 रनों से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों पर पूरी तरह विराम लगा दिया. अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में चेन्नई की बल्लेबाजी दबाव में बिखर गई. इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में अपनी जगह और मजबूत कर ली है.

गुजरात के बल्लेबाजों का तूफान

गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 125 रनों की शानदार साझेदारी कर चेन्नई के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. शुभमन गिल ने सिर्फ 37 गेंदों में 64 रन बनाए. वहीं साई सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की दमदार पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और रन गति को लगातार तेज बनाए रखा. आखिर के ओवरों में जोस बटलर ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 57 रन ठोक दिए, जिससे गुजरात का स्कोर 229 तक पहुंच गया.

चेन्नई की शुरुआत ने बिगाड़ा पूरा खेल

230 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही. संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए. वहीं ऋतुराज गायकवाड़ भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. लगातार विकेट गिरने से चेन्नई की टीम दबाव में आ गई और बल्लेबाज खुलकर खेल नहीं पाए. कार्तिक शर्मा रन आउट हुए तो टीम की मुश्किलें और बढ़ गई. हालांकि शिवम दुबे ने सिर्फ 17 गेंदों में 47 रन बनाकर मुकाबले में थोड़ी उम्मीद जगाई लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई बड़ा साथ नहीं मिला. पूरी टीम सिर्फ 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई.

सीएसके का सीजन खत्म

इस हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स का IPL 2026 अभियान समाप्त हो गया. टीम ने पूरे सीजन में 14 मुकाबले खेले. इसमें सिर्फ 6 जीत हासिल कर सकी. दूसरी ओर गुजरात टाइटंस ने इस जीत के साथ प्लेऑफ की दौड़ में खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है. टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग शानदार लय में नजर आ रहे हैं. खासतौर पर शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी विपक्षी टीमों के लिए लगातार बड़ा खतरा बनती जा रही है. अब गुजरात की नजर सीधे क्वालिफायर मुकाबले में मजबूत एंट्री पर टिकी हुई है.