menu-icon
India Daily

अर्जेंटीना के खिलाफ मैच से पहले केप वर्डे के कप्तान रयान मेंडेस पर लगा रेप का आरोप, फीफा वर्ल्ड कप के बीच जांच शुरू

FIFA World Cup 2026 में केप वर्डे के कप्तान रयान मेंडेस के खिलाफ न्यूजीलैंड में यौन उत्पीड़न की जांच चल रही है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
अर्जेंटीना के खिलाफ मैच से पहले केप वर्डे के कप्तान रयान मेंडेस पर लगा रेप का आरोप, फीफा वर्ल्ड कप के बीच जांच शुरू
Courtesy: X

FIFA World Cup 2026 में केप वर्डे की परी कथा जैसी कहानी पर अब एक गंभीर साया मंडरा रहा है. ब्राजीलियाई मीडिया संस्थान ग्लोबो की रिपोर्ट के मुताबिक टीम के कप्तान रयान मेंडेस के खिलाफ न्यूजीलैंड में मार्च 2026 के दौरान हुई एक कथित घटना की जांच चल रही है. यह खबर अर्जेंटीना के खिलाफ राउंड ऑफ 32 मुकाबले से कुछ ही दिन पहले आई है.

क्या हैं आरोप?

ग्लोबो की रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2026 में न्यूजीलैंड में आयोजित फीफा सीरीज के दौरान केप वर्डे की राष्ट्रीय टीम के साथ ट्रांसलेटर के रूप में काम कर रही एक ब्राजीलियाई महिला ने रयान मेंडेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का आरोप है कि मेंडेस ऑकलैंड में उसके होटल के कमरे में जबरन घुसे और उसके साथ शारीरिक और यौन उत्पीड़न किया. महिला ने इसकी जानकारी स्थानीय अधिकारियों को दी और यौन उत्पीड़न की जांच कराई. रिपोर्ट के मुताबिक जांच में चोटों के निशान पाए गए और महिला ने अपनी तस्वीरें पुलिस के साथ साझा कीं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि महिला ने केप वर्डे फुटबॉल के तीन अधिकारियों को इस घटना के बारे में बताया लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला.

FIFA की प्रतिक्रिया

एक बयान में फीफा ने कहा कि वह दुर्व्यवहार के किसी भी आरोप को गंभीरता से लेता है. फीफा ने पुष्टि की कि वह न्यूजीलैंड के अधिकारियों के संपर्क में है. हालांकि, संस्था ने इससे आगे कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि मेंडेस के खिलाफ आपराधिक आरोप लगाए जाएंगे या नहीं. जांच में फोरेंसिक प्रक्रिया भी शामिल है जो अभी जारी है. केप वर्डे के फुटबॉल अधिकारियों ने इस पूरे मामले पर अब तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है.

मैदान पर केप वर्डे की शानदार कहानी धुंधली पड़ी

वर्ल्ड कप में केप वर्डे की कहानी अब तक किसी सपने से कम नहीं रही थी. स्पेन और उरुग्वे जैसी दिग्गज टीमों के साथ एक ही ग्रुप में रहने के बावजूद इस छोटे से द्वीपीय देश ने एक भी मैच हारे बिना नॉकआउट राउंड में जगह बना ली. गोलकीपर वोज़िन्हा की अगुवाई में पूरी टीम ने अपनी क्षमता से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया. अब कप्तान पर लगे इन आरोपों ने उस शानदार सफर पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है. अर्जेंटीना से मुकाबला चार जुलाई को भारतीय समयानुसार रात साढ़े तीन बजे होगा.